समाज के लिए मिसाल बना कांस्टेबल

By: Sep 21st, 2019 12:02 am

चंडीगढ़ पुलिस के सिपाही ने मुफ्त में पौधे बांटने को लिया 13 लाख का लोन

चंडीगढ़,मनीमाजरा – समाज में बेहतर बदलाव के लिए पैसा और अन्य जरूरी संसाधनों से कहीं अधिक जरूरत है मजबूत इरादे और इच्छाशक्ति की। चंडीगढ़ पुलिस में तैनात कांस्टेबल देवेंद्र सूरा भी ऐसा ही कुछ कर दूसरों के लिए मिसाल बन गए हैं। लोग इन्हें ट्रीमैन के नाम से जानने लगे हैं। इस साधारण कांस्टेबल ने अपने जुनून और युवा शक्ति को एकजुट कर दिखा दिया कि किसी भी छोटी सी शुरुआत को किस तरह बड़े जनअभियान में बदला जा सकता है। बीते दो सालों में ही देवेंद्र ने शहर और गांवों में पर्यावरण संरक्षण  को लेकर ऐसा अभियान चलाया जो युवाओं के लिए प्रेरणास्नोत बन गया है। देवेंद्र सूरा अभी तक दो लाख से अधिक पौधे लगा चुके हैं। इतना ही नहीं, सीमित संसाधनों के होते हुए भी देवेंद्र ने दस हजार से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ा। पौधे खरीदने के लिए पैसे की कमी आई, तो प्राइवेट बैंक से 13 लाख का लोन भी ले लिया। इस पैसे से गांव में जमीन पट्टे पर लेकर उसी पर नर्सरी शुरू कर पौधे तैयार कर लोगों को निःशुल्क देने शुरू कर दिए। पौधारोपण अभियान पर देवेंद्र सूरा बीते चार-पांच सालों में तीस लाख से अधिक खर्च कर चुके हैं। अभी तक लोगों को दो लाख से अधिक पौधे वितरित भी कर चुके हैं। अपनी पूरी सैलरी को भी पौधे तैयार करने पर खर्च कर देते हैं। देवेंद्र के इस जज्बे के कारण उन्हें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से लेकर चंडीगढ़ प्रशासन से स्टेट अवॉर्ड सहित कई संस्थानों द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App