सुराड़ा बालिका आश्रम में सफाई पर अलख

By: Sep 17th, 2019 12:20 am

चंबा -राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान सोमवार को चंबा जिला में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। यह जानकारी देते हुए  जिला कार्यक्रम अधिकारी हुकुमदेव शर्मा ने बताया कि अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों और बच्चों ने भाग लिया।  बालिका आश्रम सुराड़ा में बालिकाओं को स्वच्छता व आंतरिक साफ-सफाई के बारे में जागरूक किया।  सामाजिक कार्यकर्ता रिंपल ने उन्हें योग के कई टिप्स दिए व बालिकाओं ने प्राणायाम भी किया। स्वास्थ्य विभाग की प्रतिनिधि चंद्रकांता ने हैंड वॉश और एनीमिया व इसकी रोकथाम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओ को मासिक धर्म के दौरान उचित खान-पान और साफ -सफाई के बारे में बताया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि राजनगर उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों के एचवी टेस्ट किये गये और अनीमिया के लक्षणों के बारे में बताया गया। आंगनबाड़ी केंद्र मसरूंड, मंडोरा, स्रेरका, पुखरी, टिकरी, सोंथली तथा भरमौर के दुर्गेठी, कुगती, उलांसा व बन्नी आदि आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पोषण दिवस मनाया गया। इन केंद्रों में गर्भवती और धात्री महिलाओं को स्तनपान के महत्त्व व पौष्टिक भोजन की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा वृत्त ककीरा परियोजना चुवाड़ी में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें 153 किशोरियों का वजन, ऊंचाई के साथ- साथ एचबी भी टेस्ट किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App