सोलन पुलिस ने 95.98 ग्राम चिट्टे संग दबोचा तस्कर

By: Sep 18th, 2019 12:20 am

सोलन -नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए अभियान में सोलन पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने हरियाणा के एक तस्कर से 95.98 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि नशा तस्कर बीते काफी समय से प्रदेश के युवाओं को चिट्टा सप्लाई कर रहा था। दूसरी ओर पुलिस द्वारा पकड़ी गई यह अबतक की सबसे बड़ी खेप है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने हरियाणा निवासी संजय से चिट्टा बरामद किया है। नशा तस्कर को पुलिस ने मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश करेगी कि तस्कर यहां किस-किस के संपर्क में था और किसे चिट्टा सप्लाई करता था। मामले की पुष्टि एएसपी एवं मीडिया प्रभारी डा. शिव कुमार शर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि बीते 10 व 11 सिंतबर की रात को पुलिस ने सोलन में अर्जुन सिंह से 39 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। रिमांड के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने हरियाणा से नशा तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की।  इसके बाद पुलिस ने तस्कर की निशानदेही पर हरियाणा जाकर उसके क्वार्टर से 95.98 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।  गौर रहे कि सोलन पुलिस इस वर्ष नशा माफिया के खिलाफ जबरदस्त अभियान छेड़े हुई है। इस कड़ी में अब तक 69 मामले दर्ज कर 105 नशेडि़यों को सलाखों के पीछे धकेला है। इनमें 7 विदेशी, 8 नेपाली एवं अन्य भारतीय मूल के शामिल है। बड़ी बात यह है कि 105 नशाखोरों में 60 चिट्टा से जुड़े हुए है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App