स्वां में आधी रात को रेड

By: Sep 15th, 2019 12:22 am

संतोषगढ़ में पंजाब बार्डर पर अवैध खनन बेनकाब, तीन टिप्पर किए जब्त

हरोली-पंजाब के साथ सटे क्षेत्र संतोषगढ़ में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार रात्रि को जिला पुलिस ने एक बार फिर से संतोषगढ़ क्षेत्र की स्वां नदी में अवैध खनन करने पर तीन टिप्पर जब्त किए हैं। जिन्हें चालान के लिए कोर्ट में भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध खनन के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई से खनन माफिया में भी हड़कंप मच गया है। खनन माफिया के सभी काले रास्तों पर पुलिस ने पहरा कड़ा कर दिया है। खनन माफिया के खिलाफ उद्योगमंत्री विक्रम ठाकुर की रेड के बाद पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। इस पर लगाम लगाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा दो विशेष टीमों का गठन किया गया था। संतोषगढ़ चौकी प्रभारी कल्याण सिंह के नेतृत्व में टीम ने संतोषगढ़ स्वां नदी में आधी रात को रेड डाली। जहां अवैध खनन करने पर तीन टिप्पर जब्त किए गए। जबकि दूसरी टीम ने पंडोगा के क्षेत्र में दबिश दी, जहां अवैध खनन का कोई भी मामला सामने नहीं आया। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई जारी है। शुक्रवार रात को संतोषगढ़ में अवैध खनन करने पर तीन टिप्पर जब्त किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App