100 से 400 रुपए प्रतिकिलो हुआ छुहारा

By: Sep 16th, 2019 12:04 am

सुजानपुर -भारत-पाक संबंधों में पिछले कुछ समय से आई भारी खटास का असर अब सरहद पार से आयात होने वाली चीजों पर भी देखने को मिल रहा है। उस पास से भारत आने वाले वस्तुओं के दामों में सीधे ही चार से पांच गुना तक वृद्धि देखी जा रही है। पेशावर से अटारी बॉर्डर पार कर भारत पहुंचने वाले छुहारे के दामों में तो मानों एक दम से आग ही लग गई है। 70 से 100 रुपए के बीच बिकने वाला छुहारे के दाम सीधे ही 300 से 400 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। दुकानदारों की मानें, तो जो छुहारा पहले होलसेल रेट पर 35 से 60 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से आता था, आज उसके दामों में सीधे ही 200 रुपए की बढ़ोतरी हो गई है। बता दें कि पाकिस्तान से आने वाले छुआरा, जिसमें नूरजहां, नीलकंठ, गुल्लाछुआरा, मुंबइया, व्हाइट और ब्लैक छुहारा आदि किस्में शामिल हैं। समाज के निर्धन और आम वर्ग के लिए एक मेवे के रूप में लिया जाता है। सस्ता दाम होने के कारण आम आदमी छुहारे को आसानी से खरीद लेता है, क्योंकि 800 से 1000 रुपए प्रति किलोग्राम बिकने वाले काजू और बादाम उनकी पहुंच से दूर होते हैं, लेकिन जिस कदर एकदम से अब छुहारे के दामों में भी वृद्धि हुई है, उसे देखकर तो ऐसा लग रहा है कि यह आम जनता की पहुंच से भी दूर हो जाएगा। छुहारे का अधिकतर प्रयोग शरद ऋतु में किया जाता है। सर्दियों का मौसम भी अब कुछ ही समय बाद दस्तक देने वाला है। 70 से 100 रुपए प्रतिकिलोग्राम के मध्य बिकने वाले इस छुहारे के दाम आज 300 रुपए पार कर गए हैं, उसे लेकर ऐसा माना जा रहा है कि इसका भाव अभी आगे और बढ़ेगा। कितना बढ़ेगा, यह कह पाना अभी मुश्किल है। दुकानदारों के अनुसार बढि़या से बढि़या गुणवत्ता वाला यह सूखा मेवा छुहारा अब तक 100 रुपए प्रति किलो से ज्यादा के भाव नहीं बिका है। 30 से 35 रुपए प्रति किलो से शुरू होने वाला इसका अंतिम भाव 100 किलो तक होता था।

सेंधा नमक ने भी लगाई छलांग

सेंधा नमक के भाव में तेजी आई थी। पहले इस नमक की कीमत पांच से 10 रुपए प्रति किलो होती थी, जो वर्तमान में तनावपूर्ण स्थिति के चलते 40 से 50 प्रति किलो तक हो गई है। इसी तरह खजूर (डेट्स) के भाव में भी इसी तरह वृद्धि होगी। जो पैकेट 200 ग्राम डेट्स का 30 रुपए तक आसानी से मिल जाता था, अब उसके भाव में सीधी बढ़ोतरी 100 रुपए तक देखने में मिलेगी, इसके पूरे आसार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App