45 मिनट पहले चलाई जा रही बस

By: Sep 22nd, 2019 12:20 am

मंत्री के निर्देशों की अवहेलना; मनमानी कर रहा निगम प्रबंधन, लोगों को नहीं मिल रही बस की सुविधा

कुल्लू -मंत्री साहब ने तो लोगों की सुविधा के लिए आम जनता की राय अनुसार बस चलाई, लेकिन निगम प्रबंधन ने बस की समयसारिणी ही बदल दी, जिससे आम जनता को बस का लाभ तो नहीं मिल पा रहा है, लेकिन दूसरी बस में जान जोखिम में डालकर जनता को सफर करने के लिए हर दिन मजबूर होना पड़ रहा है। बस की समयसारिणी में बदलाव करने से जिला कुल्लू की गड़सा घाटी के हवाई, शियाह, आशणी और रामनगर के लोगों में भारी रोष पनपा हुआ है। वहीं, सवा आठ बजे सुबह चलने वाली बस खचाखच भर जाने से लोगों को संकरे मार्ग पर हादसे का डर भी सता रहा है। हैरानी इस बात की है कि परिवहन मंत्री ने लोगों की सुविधा के लिए भुंतर से रामनगर के लिए बस चलाई और लोग बेहद खुश हुए और जनता की सुविधा अनुसार मंत्री ने बस की समयसारिणी निर्धारित की, लेकिन अब अपनी मनमानी से निगम प्रबंधन ने बस के समय में बदलाव कर डाला है। लिहाजा, मंत्री के निर्देशों को निगम प्रबंधन ने दरकिनार किया और जनता को भी दुविधा में डाला, जिस पर लोग भड़क गए हैं। क्षेत्रवासी जीवन सिंह, पंकज कुमार, राजकुमार, चमन प्रकाश, कुलभूषण, खेम राज, नरेश कुमार, टेक राम ठाकुर, लोत राम, दौलत राम, प्यारे सिंह, महेंद्र सिंह, हेम राज, हुकम राम, डोला सिंह, शेर सिंह, चुनी लाल, युधिष्ठर सिंह, रूप चंद, घनश्याम सिंह, दीपेश आदि का कहना है कि रामनगर से भुंतर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की सुबह चलने वाली बस  के समय में बदलाव कर दिया है। बस पौने घंटा पहले चलाई जा रहा है। जिसका ग्रामीणों को कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र की जनता बेहाल हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवहन मंत्री ने जनता की सुविधा के लिए हालांकि दो बस रूट निर्धारित किए हैं। मंत्री ने जनता की सुविधा के लिए सुबह के समय चलने वाली बस की समयसारिणी साढे़ सात बजे की रखी थी, जो क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए बिल्कुल ठीक समय था। लेकिन अब इस बस को साढ़े सात के बजाए निगम प्रबंधन पौने सात बजे चला रहा  है। जिसका फायदा लोगों को नहीं मिल पा रहा है। बस पौने घंटा पहले चलने से जनता को परेशान होना पड़ रहा है। इसके बाद सावा आठ बजे चलने वाली बस में भीड़ इतनी हो रही है कि पांव रखने के लिए सवारियों को जगह नहीं मिल पाती।  ग्रामीणों ने निगम प्रबंधन से आग्रह किया है कि यदि पहले वाली समयसारिणी अनुसार बस को नहीं चलाया गया तो क्षेत्र के ग्रामीण सड़क पर उतर कर निगम प्रबंधन के खिलाफ उग्र होंगे। लोगों ने निगम प्रबंधन से बस चलाने का समय साढ़े सात ही मांगा है।

परिवहन मंत्री से लगाई गुहार

ग्रामीणों ने परिवहन मंत्री से भी आग्रह किया है कि निगम प्रबंधन को  पहली समयसारिणी पर बस चलाने के निर्देश देने का आग्रह किया है। उधर, आरएम कुल्लू डीके नारंग ने बताया कि यहां के लिए दो बसें चलाई गई हैं। नीणू के लोगों को भी बस सुविधा मुहैया करवाने के लिए इस बस को मात्र 15 मिनट पहले चलाया जा रहा है। लोगों को सुविधा देने के लिए थोड़ा बदलाव किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App