अजय ठाकुर का मंधाला में नागरिक अभिनंदन

By: Oct 1st, 2019 12:20 am

बीबीएन –अर्जुन अवार्ड से सम्मानित भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान अजय ठाकुर का ग्राम पंचायत मंधाला में नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान अजय ठाकुर के अलावा उनके परिजनों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर दून के विधायक परमजीत सिंह ने शिरकत की जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर दून के पूर्व विधायक राम कुमार मौजूद रहे।कार्यक्रम का आयोजन दुर्गा स्पोर्टस क्लब मंधाला ने किया था जिसमें अजय ठाकुर के अलावा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले खिलाडि़यों व मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। सर्वप्रथम अर्जुन अवार्डी अजय ठाकुर व उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। उसके बाद दुर्गा स्पोर्टस क्लब ने अजय ठाकुर व उनकी धर्मपत्नी संदीप राणा को हार व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान मंधाला पंचायत के लोग भारी संख्या में पहुंचे थे वहीं इलाके के लगभग एक दर्जन खेल क्लबों ने भी शिरकत की जिनको खेलों में अतुलनीय योगदान देने के लिए पुरस्कृत किया गया। उसके बाद अंडर 15 में स्वर्ण पदक लाने वाली कुश्ती की उभरती खिलाड़ी खुशी ठाकुर को अर्जुन अवार्डी अजय ठाकुर ने अपने हाथों से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। तत्पश्चात डीएसपी अजय ठाकुर ने नाबार्ड में असिस्टेंट आफिसर चयनित हुई मंधाला पंचायत की नेहा ठाकुर को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बाद में थाई बाक्सिंग में विदेशों में भारत का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनिल मैहता को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।  दून के विधायक परमजीत सिंह ने कहा यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हमारे उपमंडल के युवा ने देश विदेश में कबड्डी के क्षेत्र में धाक जमाई और प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्ड प्राप्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App