आधा दर्जन प्रत्याशी चुनाव लड़ने को तैयार

नालागढ़ शहर के वार्ड-8 में होना है पार्षद का उपचुनाव, पहली नवंबर से शुरू हो जाएगी नामांकन प्रक्रिया

नालागढ़-नगर परिषद नालागढ़ के वार्ड-8 के रिक्त हुए पार्षद के पद के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई है। जहां कई नामों पर चर्चाएं शुरू हो गई है, वहीं आधा दर्जन प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ने की ठान ली है। 17 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए पहली नवंबर से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। वार्ड-आठ की पार्षद एवं नप अध्यक्ष नीरू शर्मा के आकस्मिक निधन होने के कारण यह पद खाली हो गया है, जिस पर उपचुनाव होना है। पिछले नगर निकाय चुनाव में रोस्टर के मुताबिक यह सीट महिला के लिए आरक्षित है, इसलिए यहां से महिला प्रत्याशियों के नामों की चर्चाएं शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार नालागढ़ शहर के वार्ड-आठ के पार्षद के उपचुनाव का बिगुल बजते ही प्रत्याशियों के नामों की चर्चाएं आरंभ हो गई है। पर्वों को लेकर लोग इन्हें मनाने में मशगूल थे, लेकिन अब दीपावली पर्व संपन्न हो गया है और ऐसे में सियासी गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। बैठकों का दौर आरंभ हो गया है, वहीं कई नामों पर भी चर्चाएं चली हुई है। बताया जाता है कि इस वार्ड से मौजूदा पार्षद महेश गौतम की धर्मपत्नी हेमप्रभा गौतम, पूर्व अध्यक्ष एवं वार्ड-आठ की पार्षद स्व. नीरू शर्मा की बहन प्रभात किरण, विहिप के नगर अध्यक्ष राजेश शर्मा की धर्मपत्नी सरोज बाला उर्फ पूजा शर्मा, पूर्व मनोनीत पार्षद बलदेव मल्होत्रा की धर्मपत्नी अनु मल्होत्रा, पूर्व पार्षद सरोज रतन की बहू मोनिका रतन के नामों की चर्चाएं खूब जोरों से चली हुई है। ऐसे में मौजूदा व पूर्व पार्षदों, मनोनीत पार्षदों के परिवार से चुनाव मैदान में उतरने वाली महिलाओं के बीच होने वाला यह चुनावीं रण रोचक माना जा रहा है। निर्वाचन विभाग द्वारा खाली सीट पर उपचुनाव करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। उपमंडल निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने बताया कि वार्ड-आठ के उपचुनाव के लिए 17 नवंबर के मतदान का दिन निर्धारित कर दिया गया है, जिसकी पहली नवंबर से नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी।