इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर होगा एकता दिवस

By: Oct 29th, 2019 12:02 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए 31 अक्तूबर को प्रदेश भर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाएगी। पार्टी का राज्य स्तरीय कार्यक्रम सोलन जिला के परवाणू में आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर करेंगे। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरुकीरत सिंह भी विशेष तौर पर शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि  सभी कांग्रेस ब्लॉकों में भी ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में उपस्थित होने को कहा गया है। परवाणू में होने वाले कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से ज्यादा से ज्यादा  कार्यकर्ताओं को शामिल होने के लिए बुलाया गया है। यहां एक बड़ा कार्यक्रम कांग्रेस करने की तैयारी में है। यहां पर प्रभारी रजनी पाटिल के साथ भी अलग से बैठक होगी, जिसमें नेता उपचुनाव को लेकर चर्चा करेंगे और समीक्षा होगी। इस कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के दूसरे कौन से कार्यक्रम आने वाले दिनों में किए जाएंगे यह तय होंगे। इसके साथ ऐसे बड़े कार्यक्रमों को मुख्यालय से बाहर अन्य स्थानों पर करने की भी सोची गई है।अब ऐसे कार्यक्रम निचले स्तर पर पहुंचकर होंगे, जिसमें पूरे प्रदेश से लोगों को बुलाया जाया करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App