इस धनतेरस पर जरूर करें खरीददारी

सोलन – दीपावली से दो दिन पूर्व मनाया जाने वाले धनतेरस का दिन इस वर्ष महासंयोग लेकर आया है। धनतेरस का दिन इस बार 25 अक्तूबर को आयोजित होगा और इस वर्ष  शुक्रवार को शुक्र प्रदोष भी रहेगा, जिस कारण शुक्र प्रदोष व धन त्रयोदशी का महासंयोग बन रहा है। इस दिन बने योगों की बात करें तो ब्रह्म व सिद्धि योग भी बन रहा है। ऐसा महासंयोग 100 वर्ष के बाद बन रहा है। इस दिन जो भी शुभ कार्य या खरीदारी की जाए वह समृद्धिकारक होती है। ऐसे में इस वर्ष आप इस महासंयोग का भरपूर लाभ उठाएं और चांदी के आभूषणों सहित अन्य खरीदारी जमकर करें। दीपावली का त्योहार धनतेरस से प्रारंभ होता है। धनतेरस के दिन सौभाग्य और सुख की वृद्धि के लिए मां लक्ष्मी व कुबेर की पूजा की जाती है। धार्मिक शास्त्रों के अनुसार इस दिन भगवान धनवंतरी का जन्म हुआ था, इसलिए इसे धनतेरस भी कहा जाता है। धनतेरस पर विभिन्न धातुओं से बने बर्तन, सोना, चांदी खरीदने का बड़ा महत्त्व होता है और इसे खरीदना शुभ माना जाता है। चांदी को चंद्रमा का प्रतीक माना जाता है, जो जीवन में शीतलता प्रदान करता है। इसलिए इस दिन चांदी खरीदने की परंपरा है और लोग भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की चांदी की बनी मूर्तियां व चांदी से बने अन्य सामान को खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन को और खास बनाने के लिए शहर के आभूषण निर्माताओं ने भी खूब तैयारियां कर रखी हैं और हर तरह के चांदी के आभूषण व मूर्तियों सहित अन्य सजावटी सामान भी रखा हुआ है।

शाम 4.32 के बाद है खरीददारी का मुहूर्त

ऐसा माना जाता है धनतेरस पर सायंकाल में खरीददारी करने पर तमाम मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं। इस वर्ष धनतेरस पर खरीददारी करने के लिए भी विशेष मुहूर्त है। यदि शास्त्रों की बात करें तो इस मर्तबा खरीददारी का मुहूर्त शाम 4.32 से लेकर रात्रि तक है। इस दौरान की जाने वाले खरीदारी आपके लिए विशेष फलदायक साबित हो सकती है।

दीपावली के आसपास दाम बढ़ने की आशंका

बाजार की बात करें तो अक्सर देखा गया है कि दीपावली से एक दिन पहले या दीपावली वाले दिन सोना सहित चांदी की कीमतों में एकाएक उछाल आ जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष भी दीपावली के आसपास सोना व चांदी के दामों में तेजी आ सकती है। इसलिए दीपावली से पहले आभूषणों आदि की खरीदारी करना आम लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।