ऊना पुलिस ने हरियाणा में दबोचा ठग

साल भर पहले बैंक कर्मचारी से की थी 29 लाख की धोखाधड़ी

ऊना –ऊना पुलिस ने करीब एक साल पहले ऊना थाना में दर्ज हुए साइबर क्राइम को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने 29 लाख की ठगी के मामले में हिसार से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, यह मामला ब्लैकमेलिंग का भी बताया जा रहा है। पुलिस सब पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गत वर्ष अक्तूबर में ऊना थाना में एक बैंक कर्मी द्वारा साइबर क्राइम की ठगी का शिकार होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके चलते पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस द्वारा इस मामले को लेकर छानबीन की गई तो इसमें पाया गया एक ऐप के जरिए से इस ठगी की शुरुआत हुई थी। शातिर इस ऐप के जरिए अन्य लोगों से बात करता था। इसी बीच उसकी बैंक कर्मी के साथ बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि इस मामले में अश्लील तस्वीरों के चलते ब्लैकमेलिंग शुरू हुई। इसके चलते आरोपी द्वारा बैंक कर्मी को ब्लैकमेल किया गया। वहीं, मामले में दो अन्य लोगों की भी संलिप्तता बताई जा रही है। 29 लाख रुपए की यह ठगी खाते, पेटीएम के जरिए की गई है। पुलिस द्वारा इस मामले की गहन छानबीन करने के बाद मामले में आरोपी को हरियाणा के गुड़गांव से दबोचा गया है। उधर, इस बारे में एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने साइबर क्राइम से जुड़े एक मामले में हरियाणा के गुड़गांव से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। 29 लाख रुपए की ठगी का शिकार बैंक कर्मी हुआ था। पुलिस द्वारा इस मामले में गहन छानबीन की जा रही है।