एक तो महंगाई और नौकरियां भी गंवाई

By: Oct 19th, 2019 12:03 am

पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने आर्थिक मंदी पर घेरी भाजपा

धर्मशाला — प्याज बांटते सुक्खू

धर्मशाला –  पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश में आर्थिक मंदी से लाखों लोगों का रोजगार छिन चुका है। घोर आर्थिक मंदी से निपटने के लिए केंद्र सरकार के पास कोई योजना ही नहीं है। इतना ही नहीं, सरकार तो मंदी की स्थिति मानने को ही तैयार नहीं। सुक्खू धर्मशाला की त्रिअंबला पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इतनी नौकरियां तो 1930 और 2008 की आर्थिक मंदी के दौर में भी नहीं गईं, जितनी मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में आई मंदी में जा चुकी हैं। उन्होंने जनता से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। इस मौके पर हिमाचल कांग्रेस सहप्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया, प्रदेश सचिव अजय वर्मा, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर भी उपस्थित रहे। सुक्खू ने कहा कि धर्मशाला में कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार जोरों पर है। कांग्रेस पार्टी इस उपचुनाव में जीत हासिल करेगी। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा बताए कि पत्रबम की जांच क्यों नहीं हो पाई। पत्रबम जारी करने वाले भाजपा नेता व पूर्व मंत्री को धर्मशाला में प्रचार से क्यों दूर रखा गया। भाजपा पिछले दो सालों में कोई एक बड़ा कार्य जनता को बताए।

प्याज बांटकर महंगाई का विरोध

सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार के पास विकास दर बढ़ाने का कोई फार्मूला ही नहीं है। प्याज के भाव आसमान छू रहे हैं, तो टमाटर के रेट किसी भी वक्त चढ़ जाते हैं। इस मौके पर कांगे्रस नेताओं ने प्याज बांट कर भी सरकार के खिलाफ विरोध जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App