एक नजर

By: Oct 15th, 2019 12:02 am

जापान में तूफान से अब तक 43 की मौत

टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो समेत देश के अन्य हिस्सों में प्रचंड तूफान हेजिबीस का कहर थम चुका है। इसकी वजह से देश के मध्य एवं उत्तरी हिस्से में गहरा नुकसान हुआ और दर्जनों लोग या तो मारे गए या लापता हैं। अधिकारियों ने आगाह किया है कि सोमवार को भी प्रभावित इलाके में बारिश हो सकती है। तूफान में 43 लोग मारे गए और 17 लापता हैं।

अफगानिस्तान में हवाई हमला, नौ आतंकी ढेर

काबुल। अफगानिस्तान में हवाई हमलों में तालिबान और आईएस के कम से कम नौ आतंकवादी मारे गए हैं। सेना के अधिकारियों के मुताबिक पूर्वी प्रांत नांगरहार में रविवार रात आतंकवादियों को लक्ष्य कर किए गए हवाई हमले में आईएस के पांच आतंकवादी मारे गए। मध्य प्रांत वरदाक में इसी तरह की कार्रवाई में तालिबान के चार लड़ाके मारे गए। तालिबान और आईएस ने फिलहाल इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है।

पाकिस्तान में भूकंप के झटके

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत और उत्तरी इलाकों में सोमवार को भूकंप के जबरदस्त झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 मापी गई। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता  तैमूर अली ने बताया कि पेशावर, मलाकंड, मरदान,  चरसड्डा और अटोक में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई।

अमरीका में गोलीबारी छह लोग घायल

वाशिंगटन। अमरीका के फिलाडेल्फिया, पेनसिल्वेनिया शहर में एक बंदूकधारी के गोली चलाने से कम कम से कम छह लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय मीडिया ने यह जानकारी दी। फिलाडेल्फिया के मीडिया के अनुसार एक बंदूकधारी के गोली चलाने से कम से कम छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उनकी स्थिति के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। हमलावर का अभी तक पता नहीं चल है।

रूस ने किया क्रूज मिसाइल का परीक्षण

टार्टस। रूस ने भू-मध्यसागर के पूर्वी क्षेत्र में अभ्यास के दौरान कैलिब्र क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया है। नौसेना में द्वितीय रेंक के कप्तान और जहाज कमांडर एंटन कुप्रिन ने सोमवार को यह जानकारी दी। पिछले दो वर्षों के भीतर जहाज के सभी हथियारों की जांच की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App