एक नजर

By: Oct 19th, 2019 12:02 am

पीएमसी के एक और खाताधारक की मौत

नई दिल्ली। घोटाले के कारण भारी वित्तीय संकट का सामना कर रहे पंजाब एंड महाराष्ट्र को-आपरेटिव बैंक (पीएमसी) के एक और अकाउंट होल्डर मुरलीधर धारा की शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने के कारण मौत हो गई। इससे पहले इसी बैंक के दो और खाताधारकों संजय गुलाटी तथा फत्तेमल पंजाबी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो चुकी है, जो बैंक में जमा अपने पैसों को लेकर बेहद चिंतित थे।

तालिबान का विस्फोट विशेषज्ञ मार गिराया

काबुल। अफगानिस्तान में राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय के विशेष दस्ते ने ताखर प्रांत में विस्फोट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तालिबानी विशेषज्ञ सलाहुद्दीन उर्फ इब्राहिमी को एक अभियान के दौरान मार गिराया है। विशेष दस्ते ने ताखर प्रांत के तालोकारन शहर में सलाहुद्दीन को एक विशेष अभियान में ढेर किया। इस प्रांत में अलग-अलग छापों में सुरक्षाबलों ने नौ तालिबानी आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है।

अमरीका के ऊर्जा मंत्री देंगे इस्तीफा

वाशिंगटन। अमरीका के ऊर्जा मंत्री रीक पैरी इस वर्ष के अंत में अपने पद से इस्तीफा देंगे। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह जानकारी दी। ट्रंप ने कहा कि श्री रीक में ऊर्जा मंत्रालय में शानदार कार्य किया है, लेकिन तीन वर्षाें का कार्यकाल लंबा समय होता है। वह वर्ष के अंत तक अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि श्री रीक के बदले उन्होंने दूसरे व्यक्ति की तलाश कर ली है जो ऊर्जा मंत्रालय संभालेंगे।

लीबिया में 98 अवैध प्रवासी बचाए

त्रिपोली। लीबिया की नौसेना ने देश के पश्चिमी तट से विभिन्न अफ्रीकी देशों के 98 अवैध प्रवासियों को बचाया है। नौसेना सूचना कार्यालय ने बताया कि तटरक्षक बल के जवानों ने सभी अवैध प्रवासियों को बचा लिया। बचाए गए अवैध प्रवासियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

550000 कैदियों को रिहा करेगा जापान

टोक्यो। जापान सरकार ने शुक्रवार को सम्राट नारूहितो के राज्याभिषेक समारोह के मौके पर लगभग 550,000 कैदियों को क्षमा करते हुए उन्हें रिहा करने का फैसला लिया। एनएचके ब्रॉडकास्टर ने कहा कि क्षमा केवल उन कैदियों को दी जाएगी जो मामूली अपराधों के दोषी पाए गए हैं और जेल की सजा काट चुके हैं या जुर्माना अदा कर चुके हैं। इन लोगों के सामाजिक सुदृढ़ीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए उनके दंड को निरस्त करने का फैसला लिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App