एचआरटीसी कर्मचारियों को 50 करोड़

By: Oct 28th, 2019 12:01 am

प्रदेश सरकार ने वर्षों से लंबित वित्तीय लाभों को जारी की राशि, दिवाली पर दी सौगत

शिमला – प्रदेश सरकार ने दीपावली के अवसर पर राज्य पथ परिवहन निगम कर्मचारियों के वर्षों से लंबित पड़े वित्तीय लाभ जारी कर दिए हैं और लगभग 50 करोड़ रुपए के लाभ जारी किए गए हैं। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि निगम के सभी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 140 से बढ़ाकर 144 प्रतिशत करने के आदेश एचआरटीसी प्रबंधन ने जारी किए हैं। महंगाई राहत भत्ते के रूप में 8.66 करोड़ रुपए सभी कर्मचारियों का बाकाया जारी करने के आदेश जारी किए गए हैं। नई पेंशन योजना के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को चार करोड़ की बाकाया राशि का भुगतान नकद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य कर्मचारियों के महंगाई राहत भत्ते की बाकाया राशि का 50 प्रतिशत भुगतान नकद किया जाएगा, जबकि शेष 50 प्रतिशत जीपीएफ  खाते में जमा किया जाएगा। गोविंद ठाकुर ने कहा कि चालकों एवं परिचालकों के लंबित पड़े रात्रि एवं अतिरिक्त समय भत्ते के भुगतान के लिए 30 करोड़ रुपए अगले दस दिनों में जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। 4.50 करोड़ रुपए की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है। नियमित एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए निगम प्रबंधन को तीन करोड़ रुपए जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि वित्तीय संकट से जूझ रहे निगम ने कुशल प्रबंधन और मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान की गई विशेष वित्तीय राहत से इस वर्ष कर्मचारियों को दिवाली के अवसर पर वित्तीय लाभ के रूप में तोहफा दिया है। विगत 22 माह में निगम ने सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लगभग 165 करोड़ रुपए के वित्तीय लाभ प्रदान किए गए हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रतिमाह पेंशन देना भी सुनिश्चित किया गया है।  जनजातीय भत्ता 300 से बढ़ाकर 450, जबकि शीतकालीन भत्ता 200 से बढ़ाकर 300 रुपए किया गया है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के महंगाई राहत भत्ते में 27 प्रतिशत की वृद्धि की गई, जिसे 113 से 140 प्रतिशत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव एन कैशमेंट के भुगतान के लिए पेंशन फंड की स्थापना की गई है।

2014 से लंबित थी लीव-एन कैशमेंट

परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के ग्रेच्युटी और लीव-एन-कैशमेंट के भुगतान संबंधी मामले 2014-15 से लंबित थे। जून 2017 तक सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी का भुगतान कर दिया गया है। कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए भी लगभग आठ करोड़ की राशि जारी की गई है।  इन सभी आदेशों को दो सप्ताह के भीतर लागू किया जाएगा।

नहीं चलेंगी लोकल बसें

दिवाली के अवसर पर यानी शविवार शाम चार बजे के बाद एचआरटीसी की लोकल बसें नहीं चलेंगी। दिवाली पर्व मनाने के लिए परिवहन निगम प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। वहीं, दूसरी तरफ निगम ने पूरे प्रदेश में चार सौ से अधिक अतिरिक्त बसें भी चलाई गई हैं। प्रदेश और प्रदेश से बाहर जाने वाली बसें गत शुक्रवार से चल पड़ी हैं। स्थानीय यात्रियों और प्रदेश में घूमने आए सैलानियों की सुविधा के लिए ऐसा कदम परिवहन निगम ने उठाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App