ओकओवर में उपचुनाव की जीत का जश्न

By: Oct 28th, 2019 12:10 am

समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे दोनों नवनिर्वाचित विधायक

शिमला – उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में जश्न मनाया गया। पच्छाद सीट से नवनिर्वाचित विधायक रीना कश्यप और धर्मशाला से विशाल नैहरिया अपने समर्थकों के साथ ओकओवर पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पच्छाद व धर्मशाला विधानसभा चुनावों में भाजपा के दोनों प्रत्याशियों को मिली जीत प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल वासियों के कल्याण व विकास के लिए चलाए जा रहे विकासात्मक कार्यक्रमों तथा नीतियों के प्रति जनादेश है।  मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी को लगातार तीन बार स्पष्ट जनादेश देने के लिए पच्छाद क्षेत्र के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रवासियों का सरकार के विकासात्मक कार्यक्रमों एवं नीतियों के प्रति विश्वास दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार पच्छाद की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी। जयराम ठाकुर ने देश के लोगों के लिए विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं को आरंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया, जिनसे हिमाचल के लोग भी लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने उपचुनाव में भाजपा को पूर्ण समर्थन देने के लिए पच्छाद की जनता का धन्यवाद किया।

पच्छाद, धर्मशाला की उम्मीदों पर खरा उतरने का दावा

विधायक रीना कश्यप ने पच्छाद की जनता का उन्हें विधायक के रूप में चुनने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह क्षेत्रवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के प्रति प्रतिबद्धता व निष्ठा से कार्य करेंगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्र मोहन ठाकुर भी अन्य सहित उपस्थित थे। धर्मशाला से नवनिर्वाचित विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि क्षेत्र की उम्मीदों पर वह खरा उतरेंगे और जनता की समस्याओं का समाधान प्रदेश सरकार के माध्यम से करेंगे।

81319 करोड़ के 566 एमओयू

प्रदेश सरकार अभी तक विभिन्न क्षेत्रों में 566 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर कर चुकी है, जिनमें 81319 करोड़ रुपए के निवेश क्षमता है और लगभग डेढ़ लाख लोगों को रोज़गार उपलब्ध होगा। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App