कांग्रेस की शिकायत, सीएम का जवाब

By: Oct 12th, 2019 12:08 am

उपचुनावों में विधानसभा अध्यक्ष बिंदल पर गरमाई प्रदेश की सियासत

शिमला – कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाने के बाद इसकी लिखित शिकायत आयोग को दी थी, जिस पर विधानसभा सचिव से जवाब तलबी की गई है। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम तक विधानसभा सचिव ने इस पर जवाब भी दायर कर दिया है, जिसे देखने के बाद अब निर्णय लिया जाना बाकी है। चुनाव विभाग ने इस मामले में विधानसभा के सचिव से पूछा था कि विधानसभा अध्यक्ष किस कार्यक्रम में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में मौजूद थे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को कांग्रेस पाटी की ओर से राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल ने यह शिकायत की थी, जिसमें बिंदल द्वारा पार्टी बैठकें करने और पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होने का आरोप लगाया है। बता दें कि गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अगवाई में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में ही डा. बिंदल की एक बैठक के दौरान कांग्रेस ने नारेबाजी कर दी थी। बताया जाता है कि इन जनसभाओं की फोटो व वीडियोग्राफी करवाकर शिकायत के साथ भेजा गया है। कांग्रेस का आरोप है कि विधानसभा अध्यक्ष के पद पर रहकर बिंदल पार्टी की गतिविधियों में सार्वजनिक रूप से शामिल नहीं हो सकते हैं, जो उनके पद की गरिमा को धक्का पहुंचाती है। ठाकुरद्वारा में गुरुवार को भाजपा वर्कर के घर पर डा. बिंदल बैठक कर रहे थे। कांग्रेस ने इसे पूरी तरह से आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि वह बिंदल को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए कहें और इस पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से प्रदेश के निर्वाचन अधिकारी को की गई शिकायत में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का भी आरोप लगा है। इसके अलावा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि 13 अक्तूबर को नैनाटिक्कर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की एक जनसभा होनी है, जिसके लिए ग्राउंड तैयार करने को लोक निर्माण विभाग के मजदूरों को काम पर लगाया गया है। पीडब्ल्यूडी विभाग के रेन शैल्टर में भाजपा के पोस्टर लगाए गए हैं, जो कि आचार संहिता का उल्लंघन है। किसी सरकारी कर्मचारी को इस तरह के काम में नहीं लगाया जा सकता, वहीं सरकारी संपत्ति पर पोस्टर नहीं लग सकते। कांग्रेस के सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार से आग्रह किया है कि वह पार्टी द्वारा की गई इन शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करे। इसी शिकायत पर चुनाव विभाग ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

धर्मशाला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानससभा उपचुनाव  की कमान संभालते हुए शुक्रवार को धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया के लिए प्रचार किया। उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि देश के कई राज्यों में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर  सक्रियता से पार्टी का काम करते हैं। ऐसे में इस बात को बेवजह तूल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश की जनता लोकसभा चुनावों में सभी 68 विस क्षेत्रों में हराकर जवाब दे चुकी है। ऐसे में प्रदेश सरकार, तो सिर्फ अपना काम करते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करवाने के बाद अब इसे धरातल पर लाया जाएगा। इसके लिए सरकार दोनों जगह काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा एवं महत्त्वपूर्ण केंद्र है। उपचुनाव की परीक्षा के लिए वह यहां जनता के पास पहुंचे हैं। लोकसभा चुनावों में जनता ने उन्हेें पूरे के पूरे नंबर देकर इतिहास रचा था। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को वह दुनिया के मानचित्र पर लाना चाहते हैं। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर सियासी हमला करते हुए कहा कि विकास की परिभाषा वह क्या सिखाएंगे, जो न तो दिल्ली में हैं, न ही शिमला में हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को गिनाते हुआ कहा कि दोनों ही सरकारों ने जनता के हित में दर्जनों योजनाएं शुरू की हैं। ऐसे में अब वह धर्मशाला की जनता से भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया के लिए समर्थन मांगने पहुंचे हैं। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद किशन कपूर, मंत्री विपिन परमार, मंत्री सरवीण चौधरी व विक्रम ठाकुर सहित विभिन्न मोर्चों प्रकोष्ठों एवं निगमों बोर्डों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष उपस्थित थे। दूसरी बार आएंगे पीएमः मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला ऐसा स्टेशन है, जहां एक साल के भीतर प्रधानमंत्री दूसरी बार आ रहे हैं। हालांकि बड़े -ड़े राज्य साल में एक बार प्रधानमंत्री को लाने के लिए तरसते हैं। ऐसे में स्वाभिक हैं कि प्रधानमंत्री जहां आते हैं, उस राज्य का मान बढ़ता है। इन्वेस्टर मीट प्रदेश में रोजगार व स्वरोजगार के द्वारा खोलेगी।  नगर निगम की कमियां करेंगे दूरः मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नगर निगम धर्मशाला में कई कमियां रही हैं और इसकी वजह भी रही हैं, लेकिन इन्हें जल्द पूरा करने के लिए भी काम किया जाएगा। सारी बातें जनता के ध्यान में हैं। सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App