कांग्रेस ने की पच्छाद की अनदेखी

By: Oct 19th, 2019 12:20 am

सराहां-नारग में चुनावी जनसभा में बोले सीएम, भाजपा ने एक नजर से किया प्रदेश का विकास

सराहां –मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पच्छाद के लोगों का आह्वान किया है कि विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी को बढ़त दिलाकर पच्छाद का विकास सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। ऐसे में प्रदेश की भाजपा सरकार भी पच्छाद में गत पौने दो वर्षों की तरह भविष्य में भी विकास की कमी नहीं आने देगी। शुक्रवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां व नारग में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब भाग्य खुलता है तो चारों तरफ से खुलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में उपेक्षा के शिकार हुए पच्छाद को अब सांसद के रूप में सुरेश कश्यप और विधायक के रूप में रीना कश्यप को जिताकर पूरे क्षेत्र का विकास करवा सकते हैं। इसके अलावा भी यदि कोई कमी रहती है तो प्रदेश सरकार उसे पूरा करने में भरपूर सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने हैरानी जताते हुए कहा कि यहां से सात बार कांग्रेस के नेता जो मंत्री ही नहीं विस अध्यक्ष के पदों पर रहकर अपने क्षेत्र में सड़क और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में 10 हजार करोड़ से ज्यादा पैसा प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार से ले चुके हैं। इससे पहले सांसद सुरेश कश्यप व भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप ने भी अपने विचार रखे। इससे पूर्व पच्छाद के नारग में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा कर रीना कश्यप के पक्ष में वोट मांगे। इस मौके पर सामाजिक व न्याय मंत्री राजीव सहजल, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, विधायक परमजीत पम्मी, विधायक राजेंद्र गर्ग, विधायक दर्शन सैणी, विधायक किशोरी लाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, वयोवृद्ध नेता नित्यानंद सेवल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App