कुल्लू में बही गुवाहाटी की युवती

By: Oct 17th, 2019 12:30 am

दोस्त के साथ आई थी कसोल; दोनों पार्वती नदी में गिरीं, एक बच गई, दूसरी लहरों में समाई

कुल्लू – पर्यटक नगरी मणिकर्ण में गुवाहाटी की एक युवती पार्वती नदी में बह गई। बताया जा रहा है कि दो पर्यटक युवतियां नदी में गिरी थीं। हालांकि एक युवती तो काफी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकल आई, जबकि दूसरी नदी में बह गई। बुधवार देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। यह घटना बुधवार दोपहर डेढ़ बजे के आसपास घटी। पुलिस ने दो रेस्क्यू दल के साथ नदी में गिरी युवती को ढूंढने के लिए सर्च आपरेशन जारी रखा है। जानकारी के अनुसार दो युवतियां दिल्ली से मणिकर्ण घाटी घूमने आईं थी। बुधवार सुबह वे कसोल पहुंची और घूमते हुए पुल के आसपास पार्वती नदी किनारे गईं। बताया जा रहा है कि दोनों पत्थर पर बैठी थीं कि अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गईं। हादसे में कोमल (24) पुत्री विमल राय निवासी सूबेदार बस्ती करसांग जिला दार्जिलिंग काफी जद्दोजहद के बाद किनारे पर आ पहुंची और सुरक्षित बाहर निकल आई, जबकि उसकी सहेली प्रियंका जैन (26) पुत्री मुकेश जैन निवासी गुवाहाटी नदी में बह गई। कोमल ने प्रियंका जैन को 100 मीटर तक बहते हुए देखा, लेकिन इसके बाद वह नदी की लहरों में गायब हो गई। सूचना मिलते ही मणिकर्ण और जरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और दो रेस्क्यू दलों को भी पार्वती नदी में बही युवती को ढूंढने के लिए सर्च आपरेशन छेड़ा, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। जानकारी के अनुसार यह दोनों लड़कियां बंगलूर में माउंट गर्ल्स कालेज में दोस्त बनी थीं। बताया जा रहा है ये दोनों बुधवार सुबह ही दिल्ली से कसोल पहुंची थीं। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि प्रियंका जैन पुत्री मुकेश जैन निवासी गुवाहाटी कसोल स्थित पुल के पास पार्वती नदी में गिरी थी। पुलिस ने दो रेस्क्यू दल के साथ सर्च आपरेशन चलाया है। शाम तक उसका कोई अपता नहीं चल पाया। पुलिस ने इसकी सूचना युवती के परिजनों को दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App