घोड़े पर सवार किम, बड़े आपरेशन का संकेत

By: Oct 17th, 2019 12:03 am

देश में पवित्र मानी जाने वाली माउंट पाइकेतो पहुंचे उत्तर कोरियाई नेता

सोल – उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने अमरीकी नेतृत्व के प्रतिबंधों के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया और कहा कि इनकी वजह से उनके देश को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। सरकारी मीडिया ने बुधवार को किम को सफेद घोड़े पर ‘माउंट पाइकेतो’ जाते दिखाया। कोरियाई प्रायद्वीप की इस सबसे ऊंची चोटी को उत्तर कोरियाई लोग पवित्र मानते हैं। घोड़े पर महत्त्वपूर्ण चोटी का दौरा करने को जानकार किसी बड़े आपरेशन की शुरुआत भी मान रहे हैं। किम महत्त्वपूर्ण फैसले लेने से पहले अकसर माउंट पाइकेतो आते हैं। सोल और वाशिंगटन के साथ कूटनीतिक संबंध शुरू करने से पहले 2018 में भी वह यहां आए थे। खबर के अनुसार, कोरिया के क्रांतिकारी इतिहास में माउंट पाइकेतो की चोटी में सफेद घोड़े पर किम की सवारी महत्त्वपूर्ण अध्याय है। किम ने निकटवर्ती निर्माणाधीन स्थलों का दौरा भी किया और परमाणु हथियार कार्यक्रम की वजह से उनके देश पर लगे प्रतिबंधों की आलोचना भी की। किम के साथ मौजूद अधिकारी भविष्य की योजना को लेकर बहुत अधिक उत्साह और भावनाओं से लबरेज नजर आए। रिपोर्ट के अनुसार, किम जोंग उन और वहां माउंट पाइकेतु में मौजूद अधिकारी भावनाओं से भरे थे। अधिकारियों ने किम के साथ कोरिया के क्रांतिकारी इतिहास में बड़ा योगदान देने का संकल्प लिया।

बर्फबारी के बीच घुड़सवारी का आनंद

माउंट पाइकेतो की चोटी पर पहुंचे उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता का अलग अंदाज नजर आया। बर्फबारी के दौरान किम ने यहां घुड़सवारी का आनंद लिया। ब्राउन रंग के ओवरकोट में किम ने बर्फबारी के बीच ही घुड़सवारी की और मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्योंं की जानकारी ली। माउंट पाइकेतु की चोटियों पर घुड़सवारी किम के पारिवारिक इतिहास के लिहाज से भी खास रहा है। इससे पहले उनके पूर्वज भी महत्त्वपूर्ण काम अंजाम देने से पहले इस चोटी का भ्रमण करते थे। किम के परिवार में इसे आध्यात्मिक स्थल के तौर पर देखा जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App