चंडीगढ़ एडवरटाइजिंग कंट्रोल ऑर्डर को मंजूरी

चंडीगढ़ – चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने चंडीगढ़ एडवरटाइजिंग कंट्रोल (अमेंडमेंट) ऑर्डर, 2019 को मंजूरी दे दी है।  अब नगर निगम  को विज्ञापन अधिकार दिए जाएंगे   और निगम को अपने विज्ञापन राजस्व में 12 से 14 करोड़ रुपए तक की वृद्धि हो सकती है। ज्ञात रहे कि निगम ने शहर में कुछ चिन्हित स्थानों पर डिजिटल विज्ञापन लगाने के लिए भी प्रशासन से मंजूरी मांगी थी। अब निगम को इस मद में भी बड़ा राजस्व मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार डिजिटल विज्ञापनों को लगने की अनुमति दिए जाने की अधिसूचना भी इस सप्ताह जारी हो सकती है। यह पहली बार है कि शहर में डिजिटल विज्ञापनों पर नियम तय किए जा रहे हैं, जबकि आज तक चंडीगढ़ में इनकी अनुमति नहीं दी जा रही थी। बताया जाता है कि  11 साल पहले, नवंबर 2008, में शहर में विज्ञापन नियम बदले गए थे। अब करीब एक दशक बाद  संशोधित किए गए नियमों के तहत विज्ञापन शुल्क दोगुना हो जाएगा। इसको संशोधित करने की कवायद 2014 में शुरू की गई थी। इन पांच वर्षों के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए समितियों का गठन किया गया।