चोर पर भारी पड़ी महिला की चतुराई

नोट बटोरते-बटोरते नीचे रखी बंदूक, कर्मी ने सूझ-बूझ ने सिखाया सबक

एक महिला कर्मचारी की चतुराई, फुर्ती और तेज तर्रार दिमाग ने होटल में चल रही डकैती को रोक दिया। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। होटल में क्लर्क के तौर पर काम कर रही इस महिला की हिम्मत, बहादुरी और सूझ-बूझ को हर कोई सलाम कर रहा है। मामला अमरीका में केंटकी में पुदाकाह का है। यहां की पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर एक होटल की सीसीटीवी वीडियो फुटेज शेयर की है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक चोर बंदूक की नोंक पर होटल में डकैती कर रहा है। चोर मास्क पहनकर होटल में घुसता है और काउंटर पर मौजूद महिला क्लर्क को बंदूक दिखाकर सारे पैसे मांगता है। महिला डरकर सारे पैसे काउंटर पर रख देती है। जैसे ही चोर अपने थैले में नोट बटोर बटोर कर रखने लगता है। महिला फौरन मौका देखकर उसकी बंदूक उसी पर तान देती है। बस फिर क्या था, चोर भागने में एक सेकंड भी नहीं लगाता। जब से पुलिस विभाग ने यह वीडियो अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है, तबसे इसे 1.10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। 1000 से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है। 300 से ज्यादा कमेंट आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर हर कोई इस महिला कर्मचारी के काम और जज्बे को सलाम कर रहा है।