छंटने लगे मानसून के बादल

By: Oct 6th, 2019 12:30 am

मैदानों में 11 तक धूप, पहाड़ों पर करवट लेगा मौसम

शिमला – हिमाचल प्रदेश से मानसून के बादल छंटने लगे हैं। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी इलाकों में 11 अक्तूबर तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान मैदानी इलाकों में कई जगह धूप खिली रही, जबकि मध्यम ऊचांई वाले क्षेत्रों में छह, आठ व दस अक्तूबर तक मौसम साफ रहेगा। इन क्षेत्रों में शेष दिनों के दौरान एक-दो जगह बारिश होगी। पहाड़ों पर 11 अक्तूबर तक मौसम खराब रहेगा। प्रदेश में शनिवार को अधिकतर क्षेत्रों में दिन भर धूप खिली रही। इससे शिमला के अधिकतम तापमान में फिर से उछाल आया है। अधिकतम तापमान में एक से आठ डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। धर्मशाला, नाहन व केलांग को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा आठ डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। इसके अलावा भुंतर में छह, सुंदरनगर में पांच, सोलन, शिमला, में चार, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना व कांगड़ा में दो डिग्री तक पारा चढ़ा है। केलांग के तापमान में सबसे ज्यादा चार डिग्री की गिरावट आई है। बीते 24 घटों के दौरान राज्य में कई जगह बारिश हुई है। कल्पा में 12, मशोबरा में चार, शिमला, पुह  में दो और मनाली व कुफरी में एक मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के बाद राज्य के अधिकतम क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App