डीएवी के छात्र सीख रहे दांव-पेंच

By: Oct 16th, 2019 12:30 am

स्कूल के रेस्लिंग कोच विद्यार्थियों को दे रहे कुश्ती का प्रशिक्षण

हमीरपुर –डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर में विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य व मानसिक  विकास को बढ़ाने के लिए रेस्लिंग कुश्ती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें डीएवी के रेस्लिंग कोच प्रवीन कुमार मिनहास एनआईएस  पटियाला द्वारा बच्चों को कुश्ती के विभिन्न दांव-पेंच सिखाए जा रहे हैं। बच्चों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। कुश्ती विद्यार्थियों को नशे से दूर करने के लिए भी एक सहायक खेल हैं। प्रवीन कुमार का कहना है कि कुश्ती का भारत में सदियों से बोलबाला रहा है। वर्तमान में भी भारतीय खिलाड़ी अपने दमखम से ओलंपिक लेवल पर भारतीय कुश्ती  का नाम  रोशन  कर रहे हैं। कुश्ती एक पारंपरिक खेल है, जिसमें इस वक्त लड़कियां भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। डीएवी के विद्यार्थी रजत, अभय, आयुष, अक्षत, मोहित, आदित्य, केशव, कृष, अनमोल, शुभम, सूर्यांश व अन्य  कुश्ती  प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को  विभिन्न  दांव-पेंच जैसे धोबी, कलाजंग, ढाक, निकाल, भारनदाज आदि सिखाए जा रहे हैं। डीएवी प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा का कहना है की वर्तमान में कुश्ती में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय  प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने व लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए भी यह एक महत्त्वपूर्ण खेल है। डीएवी के विद्यार्थियों को कुश्ती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए इस कैंप की शुरुआत की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App