ढाबों से रोज टोकन मनी वसूलेंगे कंडक्टर

पहले महीने बाद फीस जमा करवाते थे एचआरटीसी के अधिकृत ढाबा संचालक

बिलासपुर – हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें अब प्रदेश या प्रदेश से बाहर जिस अधिकृत ढाबे पर ब्रेकफास्ट, लंच व डिनर के लिए रुकेंगी, वहां कंडक्टर रोजाना टोकन मनी वसूलेंगे। इस टोकन मनी का संबंधित परिचालक ढाबा संचालक को अपनी मशीन से निर्धारित टोकन मनी की राशि का टिकट भी काटकर देगा। निगम की मानें तो इससे जहां पारदर्शिता बनी रहेगी, वहीं निगम का रेवेन्यू भी बढ़ेगा। एमडी एचआरटीसी शिमला ने इस संबंध में सभी जिलों के आरएम व डीएम को ऑफिस आर्डर की कॉपी भेज दी है। निगम के यह आदेश पहली नवंबर से हिमाचल में लागू होंगे। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक बिलासपुर पवन कुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एमडी शिमला से मिले पत्र में साफ कहा गया है कि जिस-जिस ढाबे पर निगम की बसें ब्रेकफास्ट, लंच व डिनर के लिए रुकेंगी, वहां खाना खाने के बाद परिचालक ढाबा संचालक से टोकन मनी लेकर उसे इसकी टिकट काट कर देगा। इससे यह पता चलेगा कि कौन से रूट की बस किस समय किस ढाबे पर रुकी व महीने में कितनी बार संबंधित ढाबे पर खाना खाया। आरएम पवन ने बताया कि इससे पहले निगम के अधिकृत ढाबों के संचालक महीने के पूरा होने के बाद विभाग के पास टोकन मनी जमा करवाते थे। आरएम बिलासपुर पवन शर्मा ने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की साधारण बसें जब हिमाचल के अधिकृत ढाबों में लंच व डिनर करने रूकेंगी तो उस ढाबे से 60 रुपए टोकन मनी के वसूले जाएंगे, जबकि प्रदेश के बाहर के ढाबों पर खाने की टोकन मनी 100 रुपए निर्धारित की गई है। वहीं, वोल्वो बसें यदि प्रदेश के किसी अधिकृत ढाबे पर लंच या डिनर करने रुकती है तो ढाबे से 100 रुपए व बाहरी राज्य के ढाबों से परिचालक 200 रुपए टोकन मनी के वसूल करेगा। इसके अलावा ब्रेकफास्ट की टोकन मनी हिमाचल में 30 व 60 रुपए बाहरी राज्यों के लिए निर्धारित की गई है। टोकन मनी की हर परिचालक टिकट काट कर ढाबा संचालक को देगा।