देवध्वनियों से गूंज उठी छोटी काशी

By: Oct 5th, 2019 12:30 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया महोत्सव का आगाज, शिवरात्रि की तरह दिखा नजारा

मंडी –प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी छोटी काशी मंडी की संस्कृति व प्राचीन सभ्यता को दिखाने के लिए शुक्रवार से पहली बार छोटी काशी महोत्सव की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रेरणा से शुरू हुए छोटी काशी महोत्सव का शुक्रवार को शानदार आगाज हुआ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस महोत्सव का दीप जलाकर सेरी मंच से शुभारंभ किया। इस अवसर पर देवध्वनियों से छोटी काशी गंूज उठी और शिवरात्रि महोत्सव की तरह उपायुक्त कार्यालय से एक शोभा यात्रा का भी आयोजन किया गया, जिसमें देव ध्वनियों पर नाचते हुए सैकड़ों देवलु और स्कूली बच्चे शामिल हुए। छह अक्तूबर तक चलने वाले छोटी काशी महोत्सव में मंडी की प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और कलाकारी लोगों को देखने को मिलेगी। छोटी काशी महोत्सव के दौरान लोग मंडी के प्राचीन पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखेंगे। मंडी की प्राचीन हस्तशिल्प कारीगरी, मंडी कलम और लोक नृत्यों से रू-ब-रू होंगे। इसके साथ ही महोत्सव में कला प्रदर्शनी, लेजर शो, देव ध्वनि, भव्य ब्यास आरती, काइट फेस्टिवल, हेरिटेज वॉक, लिटरेरी फेस्ट और कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा। वहीं हर रोज इंदिरा मार्केट में सांस्कृतिक संध्याओं की महफिल भी सजेगी। वहीं शुक्रवार को छोटी काशी महोत्सव की शुरुआत देवध्वनि से की गई। सैकड़ों बंजतरियों ने देव ध्वनियां बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मंडी कार्निवाल का आयोजन किया गया, जिसमें जिला के विभिन्न क्षेत्रांे से पारंपरिक वेशभूषा में आए लोग देव ध्वनियों के साथ नाचते गाते शामिल हुए। वहीं कई देवताओं के देवलुओं ने अपने देवी-देवताओं के मखौटे लगाकर भी नृत्य किया। इसके बाद विभिन्न स्कूली बच्चों ने भी मंडी के प्राचीन नृत्यों में नाचते गाते कार्निवाल में शिरकत की। वहीं इस अवसर पर एक बार फिर से लोगों के जहन में शिवरात्रि महोत्सव की यादें ताजा हो गइर्ं। देवध्वनियों से गंूज रही छोटी काशी में लोगों को शिवरात्रि महोत्सव सा नजारा महसूस हुआ। छोटी काशी महोत्सव को देखने के लिए काफी संख्या में लोग भी चाणनी परिसर की सीढि़यों व शहर के अन्य हिस्सों में उमडे़। वहीं इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन और जनता को बधाई दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी यह शुरुआत है। इस आयोजन को भविष्य में और बेहतर तरीके से किया जाएगा। वहीं इस अवसर पर मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा, पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, विधायक विनोद कुमार, विधायक राकेश जम्वाल, विधायक इंद्र सिंह गांधी, मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन निहाल चंद शर्मा, भाषा संस्कृति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, उपायुक्त मंडी ऋग्देव ठाकुर, एसपी मंडी गुरदेव शर्मा, भाजपा नेता गुरदेव शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर, पूर्व विधायक डीडी ठाकुर और नगर परिषद मंडी के पार्षदों सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App