देवालयों में निभाई अन्नकूट की परंपराएंं

भुंतर –भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान में आयोजित होने वाला गोवर्धन पूजा का त्योहार देवभूमि कुल्लू में सोमवार को पारंपरिक और दैविक विधियों से मनाया गया। इस मौके पर जिला के कृष्ण और विष्णु मंदिरों में खूब चहल पहल देखने को मिली। मुख्य कार्यक्रम जिला के सुल्तानपुर में स्थित रघुनाथ मंदिर में हुआ तो लगवैली सहित दियार और मणिकर्ण इलाके के देवालयों में भी उत्सव की रस्मों का निर्वहन किया गया। दिवाली के एक दिन बाद मनाए जाने वाले इस पर्व पर गो माता की भी पूजा की गई तो देवालयों में अन्नकूट की रस्मों को निभाया गया। इस कार्यक्रम में देवताओं के कारकूनों ने शिरकत की। देवालयों में अन्न से बने छप्पन भोग को देवता को चढ़ाया गया। वहीं भक्तों ने देवताओं के दरबार में माथा भी टेका। देवता त्रियुगी नारायण सहित अन्य मंदिरों में हर साल की तरह इस बार भी इस पर्व की रस्में सादगीपूर्ण तरीके से निभाई गई और भंडारा सजा। देवता त्रियुगी नारायण मंदिर समिति के प्रधान राजन शर्मा के अनुसार उक्त पर्व को जिला में हर साल मनाया जाता है और इस बार भी विधि-विधान पूर्वक इसका निर्वहन किया गया।