देश हित में फैसले नहीं लेते थे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह

By: Oct 20th, 2019 12:03 am

सुब्रह्मण्यन स्वामी का आरोप, पूर्व पीएम का नहीं था राष्ट्रवादी चरित्र

शिमला – राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रह्मण्यन स्वामी ने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को शिमला पहुंचने पर मीडिया से रू-ब-रू स्वामी ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का राष्ट्रवादी चरित्र नहीं था। इसलिए वह एक इटालियन महिला सोनिया गांधी के इशारों पर नाचते थे और देश के हित में निर्णय नहीं लेते थे। मनमोहन सिंह का व्यक्तिगत चरित्र बहुत अच्छा है, लेकिन वह राष्ट्रवादी नहीं है, क्योंकि राष्ट्रवादी होने के लिए व्यक्तिगत चरित्र के साथ राष्ट्रवादी चरित्र होना भी जरूरी है। स्वामी ने कहा कि नाथू राम गोडसे हिंदूवादी विचारधारा के व्यक्ति थे। गोडसे को लगा कि महात्मा गांधी के विचारों से हिंदुओ को नुकसान हो रहा है, इसलिए उसने महात्मा गांधी को गोली मारी थी, लेकिन महात्मा गांधी की मौत उसकी गोली से हुई थी, यह अभी जांच का विषय है, जिसकी वह जांच कर रहे हैं, क्योंकि महात्मा गांधी की हत्या से सीधा लाभ जवाहरलाल नेहरू को हुआ था। सुब्रह्मण्यन स्वामी ने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी ने एक भी एग्जाम पास नहीं किया है। उनकी डिग्रियां भी फर्जी हैं, इसके साक्ष्य सामने आए हैं, जबकि भीम राव अंबेडकर ने विदेश जाकर पीएचडी की डिग्री हासिल की थी और देश के संविधान की रचना की थी। स्वामी ने कहा कि पुरूष और महिला को जब तक एक सम्मान नहीं समझा जाएगा, तब तक देश तरक्की नहीं कर सकता। स्वमी ने कहा कि बहुत जल्द कश्मीर का, जो हिस्सा पाकिस्तान में है, उसे भारत वापस लेगा। पाकिस्तान के चार टुकड़े किए जाएंगे, दो टुकड़ों से पाकिस्तान ने सबक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पीओके को भारत में मिलाने के लिए सरकार काम कर रही है।

अयोध्या में राम मंदिर हिंदुओं की आस्था

सुब्रह्मण्यन स्वामी ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम जन्म हुआ था, मुस्लिम वर्ग का अयोध्या में कोई भी अधिकार नहीं है। मुस्लिम कहीं भी नमाज पढ़ सकते हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण हिंदुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है। स्वामी ने आरोप लगाया कि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी रूस के पिट्ठू थे। सोनिया गांधी के पिता हिटलर की आर्मी में जवान थे। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी को जेल भेज कर दम लूंगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App