दो हफ्तों बाद पेट्रोल सस्ता

कंपनियों ने दी दस पैसे की राहत, डीजल पर छह पैसे कटौती

नई दिल्ली – राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को पेट्रोल 10 पैसे और डीजल छह पैसे सस्ता हुआ। दो सप्ताह में यह पहला मौका है जब पेट्रोल सस्ता हुआ है। डीजल के दाम 27 दिन में पहली बार घटे हैं। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल 10 पैसे सस्ता होकर गुरुवार को 74.51 रुपए प्रति लीटर रह गया। डीजल की कीमत छह पैसे घटकर 67.43 रुपए प्रति लीटर पर आ गई। इससे पहले 13 दिन में यहां पेट्रोल की कीमत 1.90 रुपए बढ़ी थी, जबकि डीजल पिछले 26 दिन में 2.35 रुपए महंगा हो चुका है। देश के अन्य हिस्सों में भी दोनों जीवाश्म ईंधनों की कीमत में गिरावट रही। कोलकाता में पेट्रोल नौ पैसे सस्ता होकर 77.14 रुपए और डीजल छह पैसे सस्ता होकर 69.79 रुपए प्रति लीटर बिका। मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 10-10 पैसे घटकर क्रमशः 80.11 रुपए और 77.40 रुपए प्रति लीटर रही। डीजल मुंबई में सात पैसे उतरकर 70.69 रुपए प्रति लीटर बिका। चेन्नई में भी डीजल छह पैसे सस्ता होकर 71.24 रुपए प्रति लीटर रह गया।