धर्मशाला को आज मिलेगा नया विधायक

By: Oct 24th, 2019 12:23 am

उपचुनाव में सात प्रत्याशी आजमा रहे भाग्य, भाजपा-कांग्रेस को आजाद प्रत्याशी दे रहे कड़ी टक्कर    

 धर्मशाला –धर्मशाला में हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को आएंगे। मतगणना से पहले बुधवार को धर्मशाला कालेज के प्रयास भवन में पूर्वाभ्यास किया गया। धर्मशाला उपचुनाव में सात प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। यहां अकसर भाजपा व कांग्रेस के बीच ही मुकाबला रहा है, लेकिन इस बार आजाद प्रत्याशी ने दोनों ही दलों की नींद उड़ाई हुई है। गुरुवार को दोपहर तक तस्वीर साफ हो जाएगी और धर्मशाला को नया विधायक मिल जाएगा। गुरुवार को होने वाली मतगणना के लिए बुधवार को अंतिम पूर्वाभ्यास धर्मशाला कालेज के प्रयास भवन में किया गया। बताया जा रहा है कि यहां करीब 14 टेबल लगाए गए हैं।  सबसे पहले सर्विस व पोस्टल वोटों की गिनती होगी। इसके बाद राउंड वाइज गिनती का दौर चलेगा। प्रत्येक टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्स्टेंट व एक माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किया गया है। इनके साथ प्रत्याशियों के एजेंट भी गिनती में शामिल होंगे। मतगणना केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

सरकार का साथ देगी जनता

भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया का दावा है कि जनता प्रदेश सरकार के साथ है और पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की है। परिणाम बीजेपी के पक्ष में ही आएंगे।

कांग्रेस के पक्ष में मतदान

कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र करण का दावा है कि जीत कांग्रेस की होगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर प्रचार किया है। जनता ने कांग्रेस के  पक्ष व सरकार के खिलाफ मतदान किया है। लोग विकास चाहते हैं।

विकास के लिए समर्थन

आजाद प्रत्याशी राकेश चौधरी का कहना है कि इस बार के चुनाव अन्य चुनावों से हट के  थे। जनता में कई मुद्दों को लेकर आक्रोश था। इसलिए जनता ने कांग्रेस व भाजपा से हटकर क्षेत्र के विकास के लिए उनके समर्थन में मतदान किया है।

 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App