धर्मशाला-पच्छाद आज चुनेंगे अपना विधायक

By: Oct 21st, 2019 12:15 am

सुबह आठ बजे से शाम पांच तक होगा मतदान, सभी तैयारियां पूरी

शिमला –धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की जनता सोमवार को अपना विधायक चुनने के लिए मतदान करेगी। सोमवार सुबह आठ बजे से धर्मशाला व पच्छाद में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो शाम पांच बजे तक चलेगी। वोटिंग के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों क्षेत्रों के जिलाधीशों ने हरेक पोलिंग बूथ से फीडबैक लेने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सूचना इस बारे में सूचना दी है। पोलिंग पार्टियां सभी 202 पोलिंग बूथों तक पहुंच चुकी हैं, जिन्होंने बूथ भी सजा दिए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान जहां शांतिपूर्ण मतदान के लिए लगाए गए हैं, वहीं पुलिस व गृह रक्षा विभाग के जवान भी हरेक पोलिंग बूथ पर मुस्तैद हैं। दोनों जिलों के जिलाधीशों ने रविवार को तैयारियों का जायजा लेने के बाद जहां कमियां थीं, उनको दूर करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग ने भी अपना फीडबैक मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दे दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने दोनों जिलों के जिलाधीशों से तैयारियों को लेकर जानकारी ली और सोमवार को समय-समय पर निर्वाचन विभाग सूचनाएं लेता रहेगा। एक तरफ चुनावी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं तो दूसरी ओर राजनीतिक दल रविवार को भी जोर आजमाइश में लगे रहे। कांग्रेस व भाजपा मतदान से पूर्व भी मतदाताओं से संपर्क में रहे, अब प्रत्याशियों का भाग्य सोमवार को ईवीएम में बंद हो जाएगा। 24 अक्तूबर को सुबह से ही काउंटिंग शुरू हो जाएगी और दोपहर तक चुनाव नतीजे सामने होंगे। उपचुनाव के लिए 202 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान होगा। पच्छाद में 113 और धर्मशाला में 89 पोलिंग स्टेशन हैं। हालांकि धर्मशाला में 88 पोलिंग स्टेशन हैं, लेकिन एक बूथ बुजुर्गों के लिए अलग से स्थापित किया गया है। धर्मशाला में कुल 89 पोलिंग स्टेशनों में से 10 संवेदनशील और चार अति संवेदनशील हैं, जहां पर सुरक्षा का घेरा भी बड़ा है। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 113 पोलिंग स्टेशनों में से 13 संवेदनशील स्टेशन हैं। यहां पर कोई अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशन नहीं है। धर्मशाला में कुल 82 हजार 62 मतदाता हैं। इनमें 41 हजार 943 पुरुष, 40 हजार 119 महिला, 923 पुरुष सर्विस वोटर्स और 54 महिला सर्विस वोटर्स हैं। पच्छाद में कुल 74 हजार 452 मतदाता हैं, जिनमें से 38 हजार 283 पुरुष और 36 हजार 169 महिला हैं।  अब देखना यह है कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कितने लोग मतदान के लिए रुचि दिखाते हैं। वैसे हिमाचल में मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव में रिकार्ड तोड़़ा था, वह भी तब जबकि इतना अधिक रुझान उन चुनावों में नहीं होता था। विधानसभा में हमेशा ही ज्यादा मतदान देखने को मिलता है। इस उपचुनाव में क्या स्थिति रहती है, यह 24 अक्तूबर को सामने आ जाएगा। निर्वाचन विभाग मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास करता है, जोकि इस उपचुनाव के लिए भी किए गए हैं।

महाराष्ट्र-हरियाणा चुनेंगे नई सरकार

नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में सोमवार को ही सभी सीटों पर एक साथ सोमवार को मतदान होगा, जबकि 24 अक्तूबर को उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा और दोनों प्रदेशों को उत्तराधिकारी मिलेगा। मतदाता महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 सीटों के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। हरियाणा और महाराष्ट्र दोनों राज्यों में भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App