धर्मशाला में भाजपा की आठवीं जीत,राकेश चौधरी चूके

By: Oct 25th, 2019 12:23 am

उपचुनाव में आजाद कैंडीडेट को दूसरे स्थान पर करना पड़ा संतोष, छात्र राजनीति से निकले नैहरिया भाजपा के बैनर तले छाए

धर्मशाला। गुरुवार को धर्मशाला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत पर जश्न मनाते कार्यकर्ता-समर्थक

धर्मशाला – प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के महत्त्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला में विस चुनावों में अब तक के इतिहास में भारतीय जनता पार्टी बढ़त बनाए हुए है। धर्मशाला में पहली बार हुए उपचुनाव में भी जीत दर्ज करने का रिकार्ड अब भाजपा ने अपने नाम कर लिया है। ऐसे में धर्मशाला में भाजपा ने आठ जीत का रिकार्ड बना लिया है, जबकि दूसरे नंबर पर कांग्रेस अब तक मात्र पांच बार ही धर्मशाला में जीत दर्ज कर चुकी हैं, वहीं धर्मशाला ने इस बार भी अपने इतिहास को बरकरार रखते हुए आजाद प्रत्याशी को जीत का स्वाद नहीं चखने दिया है। धर्मशाला के इतिहास में कभी भी आजाद प्रत्याशी अब तक जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं। इस बार भी कड़ी टक्कर देने के बावजूद आजाद प्रत्याशी राकेश कुमार चौधरी को दूसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा है, वहीं आठवीं बार धर्मशाला से छात्र राजनीति से निकले गद्दी समुदाय के युवा नेता विशाल नैहरिया ने जीत दर्ज की है। लगभग 35 वर्ष बाद भाजपा ने धर्मशाला में प्रत्याशी बदला है, और जीत दर्ज करने में कामयाब हुए हैं। वर्ष 2017 और वर्ष उपचुनाव 2019 में भाजपा के जीत दर्ज करने पर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने का रिकार्ड भाजपा ने बना लिया है। धर्मशाला से सात बार चुनावी मैदान में उतर चुके भाजपा नेता किशन कपूर वर्तमान में लोकसभा सांसद हैं। किशन कपूर ने धर्मशाला से पांच बार जीतकर सक्रिय राजनीति में अलग पहचान बनाई है, वहीं प्रदेश में सर्वाधिक सता में रहने वाली कांग्रेस पार्टी अब तीन पारियां पीछे चल रही है। भाजपा आठ बार धर्मशाला विधानसभा में अपनी जीत का परचम लहरा चुकी है, जबकि कांग्रेस मात्र पांच के आकड़े पर ही काबिज हैं। पंजाब से अलग कर हिमाचल प्रदेश में चुनाव आयोजित किए गए तो धर्मशाला विधानसभा चुनावों में रोमांचक मुकाबला हुआ। इन चुनावों में कांग्रेस के आरके चंद ने 4351 वोट हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहने वाले भारतीय जन संघ के नेता एन सिंह ने 4162 मत हासिल किए, कांग्रेस ने 189 मतों से जीत दर्ज की। 1972 के चुनावों में कांग्रेस ने नया चेहरा मैदान में चंद्र वर्कर के रूप में उतारा। कांग्रेस के नेता चंद्र वर्कर ने जीत हासिल की।

कब कौन रहा धर्मशाला में विधायक

वर्ष         पार्टी       विधायक

1967      कांग्रेस     आरके चंद

1972      कांग्रेस     चंद्र वर्कर

1977 जनता पार्टी     बृज लाल

1982      भाजपा     बृज लाल

1985      कांग्रेस     मूल राजपाधा

1990      भाजपा     किशन कपूर

1993      भाजपा     किशन कपूर

1998      भाजपा     किशन कपूर

2003      कांग्रेस     चंद्रेश कुमारी

2007      भाजपा     किशन कपूर

2012      कांग्रेस     सुधीर शर्मा

2017      भाजपा     किशन कपूर

2019      भाजपा     विशाल नैहरिया


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App