धर्मशाला हार की समीक्षा हो

By: Oct 28th, 2019 12:01 am

उपचुनाव में मिली पराजय पर वीरभद्र सिंह ने उठाए सवाल

शिमला – पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने कहा है कि धर्मशाला में हुई चुनावी हार की समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पच्छाद में बेहतर टक्कर दे सकी है, लेकिन उसकी हार धर्मशाला में हुई और इसके लिए जो कारण रहे हैं, उनकी समीक्षा होनी जरूरी है। गौरतलब है कि धर्मशाला में हार के लिए सुधीर शर्मा को दोषी बताया जा रहा है, वहीं ब्लॉक कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी को पार्टी ने भंग कर दिया है। अब वीरभद्र सिंह ने भी धर्मशाला की हार पर सवाल उठाए हैं, लिहाजा संगठन कड़े कदम उठा सकता है। उपचुनाव में हार को लेकर वीरभद्र सिंह ने कहा है कि भाजपा ने यह चुनाव सत्ता के बल पर जीता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने नई ऊर्जा के साथ पार्टी को एकजुट करने का काम किया है, जो पार्टी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पच्छाद और धर्मशाला उपचुनाव में पार्टी ने जो एकजुटता दिखाई है, वह सकारात्मक रही है। पच्छाद में कांग्रेस ने कड़ी टक्कर दी, जबकि धर्मशाला में हम हारे हैं। पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जानी चाहिए। वीरभद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही देश में कांग्रेस मजबूती के साथ उभरेगी। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत हरियाणा और महाराष्ट्र्र के चुनाव से हो गई है। भले ही इन दोनों राज्यों में कांग्रेस की सरकारें नहीं बनी हं, पर भाजपा को कड़ी टक्कर दी है। इससे साफ है कि देश के अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी। वीरभद्र सिंह ने हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र हुड्डा को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा के विकास में कभी कोई कमी नहीं रखी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App