नए सिरे से लिखना होगा भारतीय इतिहास

By: Oct 18th, 2019 12:11 am

काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बोले गृह मंत्री अमित शाह 

वाराणसी -गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार सुबह वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में द्वीदिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘गुप्तवंशक-वीरः स्कंदगुप्त विक्रमादित्य’ के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने गुप्त वंश से लेकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और फिर अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई के बारे में अपनी राय रखी। भारत के दृष्टिकोण से इतिहास के पुनर्लेखन पर जोर देते हुए श्री शाह ने कहा कि वीर सावरकर न होते तो 1857 की क्रांति इतिहास न बनती और उसे भी हम अंग्रेजों की दृष्टि से ही देखते। श्री शाह ने कहा कि अब भारतीय इतिहास के पुनर्लेखन की जरूरत है, इसके लिए हमें ही आगे आना होगा। इतिहासकारों को इसके लिए बड़ी भूमिका निभानी है। अगर हम अब तक अपने इतिहास की दोबारा समीक्षा नहीं कर सके तो ये हमारी कमजोरी है। श्री शाह ने कहा कि गलत इतिहास लिखने के लिए अंग्रेज इतिहासकारों और वामपंथी लेखकों को कोसना और गाली देना बंद करें। अब जरूरत है कि देश के गौरवशाली उस इतिहास को सत्य के आधार पर लिखा जाए, जिसके साथ अन्याय हुआ। इतिहास में भुला दिए गए महापुरुषों और साम्राज्यों पर विस्तार से लिखने की जरुरत है। पहले क्या इतिहास लिखा गया उसके विवाद में ना पड़ें। इस आयोजन से इतिहास के बिखरे पन्ने एक जगह आएंगे। हमारे देश के इतिहास को हमें ही लिखना होगा। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि स्कंदगुप्त विक्रमादित्य को इतिहास में बहुत प्रसिद्धि मिली, लेकिन उनके साथ इतिहास में बहुत अन्याय भी हुआ। स्कंदगुप्त विक्रमादित्य के समय संपूर्ण भारत में स्वर्णकाल रहा।

तोड़-मरोड़ कर पेश किया इतिहास

कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि भारत विभिन्न राजनीतिक इकाइयां होने के बाबजूद भी एक है। ये श्रेष्ठ भारत महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया, जो एक छल है। इतिहास से कई महापुरुषों का नाम हटा दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App