नगर निगम एरिया में बारिश के जख्म भरेंगे, टेंडर मांगे

शिमला –नगर निगम के दायरे में आने वाले क्षेत्र में हुए बारिश के नुकसान की भरपाई के लिए नगर निगम ने टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर के लिए इच्छुक लोग 5 नवंबर तक नगर निगम कार्यालय में निविदाएं जमा करवा सकते हैं। बारिश में हुए नुकसान की भरपाई के  लिए नगर निगम की ओर से सात करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। शहर में 116 स्थानों पर बरसात के कारण नुकसान हुआ है। बरसात के कारण नगर निगम को करीब 19 करोड़ का नुकसान पहुंचा है, जिसमें निगम द्वारा लगाए गए डंगे, एंबुलेंस सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। करीब 50 स्थानों पर भू-स्खलन के कारण नगर निगम की सड़कें बंद हो गई थीं। निगम ने इन सड़कों को खोलने के लिए लाखों रुपए खर्च किए हैं। नगर निगम ने बरसात के कारण विभिन्न वार्डों में हुए हर तरह के नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है। वहीं प्रस्ताव बना कर वित्त सविंदा समिति की बैठक में मंजूरी के लिए भेजा था। समिति ने भी इसे मंजूरी दे दी है। इसके बाद नगर निगम के सदन से भी इसे मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में अब बरसात में हुए नुकसान की भरपाई के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। नगर निगम द्वारा अभी फिलहाल अलग-अलग वार्डों में डंगों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। इनमें से बॉबी कॉटेज बगोग, पांजडी, सीपीडब्ल्यूडी कालोनी, लोकल बस स्टैंड, संस्कृत कालेज फागली, रामनगर, सीपीडब्ल्यू ब्लॉक  फागली,  कृष्णानगर, कनलोग, खलीणी कंगनाधार, छोटा शिमला, जाखू, भट्टाकुफर, फ्लावरडेल, इंद्रनगर, ब्रिटिश कालोनी चलौंटी, संजौली और बेनमोर में किया जाना है।