नड्डा के आशीर्वाद से रिपीट करेंगे सरकार

By: Oct 10th, 2019 12:12 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले, छोटे से राज्य से कार्यकारी अध्यक्ष बनना गौरव की बात

मंडी – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को लेकर कुछ लोग कई तरह की टिप्पणियां करते थे, लेकिन सरकार जनता के आशीर्वाद से दो वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा करने जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ने हिमाचल के सपूत जेपी नड्डा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर सुशोभित कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। हिमाचल छोटा राज्य है, लेकिन जिम्मेदारियां बड़ी निभा रहा है। इससे पहले इस पद तक बड़े राज्यों से आए लोग ही पहुंच पाते थे, इसलिए हिमाचल भी जेपी नड्डा का सिर झुकने नहीं देगा। कार्यकर्ताओं व नेता जेपी नड्डा के आशीर्वाद से हिमाचल प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बना कर दिखाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एक रिकार्ड जेपी नड्डा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने से बना है और एक रिकार्ड हिमाचल में भाजपा सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को मंडी सेरी मंच पर आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छोटी काशी पहुंचे जेपी नड्डा का मंडी भाजपा द्वारा सेरी मंच पर बुधवार को अभिनंदन किया गया। इस अवसर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अगले महीने धर्मशाला में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे। इन्वेस्टर मीट के जरिए प्रदेश सरकार सूबे की बेरोजगारी कम करने के प्रयास कर रही है, लेकिन इससे कांग्रेस नेताओं को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में तो ऐसा प्रयास हो नहीं सका और अब कांग्रेस नहीं चाहती है कि सरकार भी सूबे के बेरोजगारों के लिए कुछ करे। पर्यटन के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं चिन्हित की जा रही हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में 2022 में हिमाचल में दोबारा भाजपा की सरकार बने, इस दिशा में अभी से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में आज देश के पास मजबूत नेतृत्व है और विश्व के नेताओं ने भी इस बात को माना है कि उनके नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने जा रहा है। अनुच्छेद 370 और 35ए अब इतिहास बन चुके हैं और भारत में एक संविधान और एक निशान है। प्रदेश में अब ऊपर-नीचे की और टोपियों की राजनीति बंद हो गई है। अब केवल समग्र हिमाचल का समग्र विकास ही लक्ष्य है। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्तपाल सत्ती, आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, उद्योग मंत्री विपिन परमार, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा, कांगड़ा के सांसद किशन कपूर और मंडी व कांगड़ा जिला के कई विधायक उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App