नवंबर में बारिश-बर्फबारी के बाद ठिठुरेगा हिमाचल

By: Oct 30th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में नवंबर माह के पहले सप्ताह के दौरान जनता को कड़ाके की ठंड की मार झेलनी पड़ सकती है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के किन्नौर, लाहुल-स्पीति, मनाली, चंबा, भरमौर व पांगी के ऊपरी क्षेत्रों में पहली नवंबर से बारिश होगी, जबकि राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी दो से चार नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। उधर, मंगलवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौैसम साफ बना रहा। दिन के समय अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही, मगर शाम के समय ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गईं। इससे राज्य के अधिकतर जिलों के तापमान में सोमवार के मुकाबले हल्की गिरावट आई है। शिमला, भुंतर, कल्पा, ऊना, नाहन के पारे में एक डिग्री तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। इसके अलावा राज्य के कांगडा, हमीरपुर, डलहौजी व केलांग के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।  केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़क 2.5 डिगी सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, कल्पा, मनाली व भुंतर में सुबह-शाम के समय कडाकें की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App