नासा ने जारी किया नया स्पेस सूट

By: Oct 17th, 2019 12:06 am

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अगली पीढ़ी के स्पेस सूट का अनावरण किया। नासा इसे पहली बार अपने 2024 के चंद्र दक्षिण ध्रुव मिशन में इस्तेमाल करेगा। नासा के प्रशासक जिम ब्रिडेनस्टाइन ने चंद्र की खोज के लिए डिजाइन किए गए महिला और पुरुष के दो स्पेससूट की प्रतिकृति को पेश किया। नासा इसे पहली बार अपने 2024 के चंद्र मिशन के दौरान इस्तेमाल करेगा। नासा के अनुसार लाल, सफेद और नीले रंग का यह सूट दबाव परिधान और एक जीवनदायी बैकपैक से बना है और यह अंतरिक्ष यात्रियों को विकिरण, अत्याधिक तापमान और माइक्रोमीटरोयोरिड्स से बचाएगा। यह उन्नत सूट चंद्रमा की सतह पर बहुत अधिक जटिल कार्यों को पूरा करने में सक्षम बनाता है। नासा की 2024 तक चंद्रमा पर पहली महिला और अगले पुरुष को भेजने और 2030 में मंगल पर जाने की योजना बना रहा है। 

मंगल-चंद्रमा पर खेती संभव

नासा के वैज्ञानिकों ने कृत्रिम रूप से मंगल ग्रह और चंद्रमा जैसा वातावरण और मृदा तैयार कर उसमें फसल उगाने में सफलता पाई है। उनका मानना है कि यदि भविष्य में लाल ग्रह (मंगल) और चंद्रमा पर मानव बस्तियां बसाई जाती हैं, तो उनके लिए वहां खाद्य पदार्थ उगाए जा सकेंगे। नीदरलैंड के वगेनिंगेन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने यह भी कहा है कि मंगल और चंद्रमा पर उगाई गई फसल से बीज भी प्राप्त किए जाने की संभावना है, ताकि नई फसल ली जा सके। उन्होंने हलीम, टमाटर, मूली, राई, क्विनोआ, पालक और मटर समेत दस अलग-अलग फसल उगाई। वगेनिंगेन विश्वविद्यालय के वीगर वेमलिंक ने कहा, जब हमने कृत्रिम रूप से तैयार की गई मंगल ग्रह की मिट्टी में उगे पहले टमाटरों को लाल होते देखा तो हम उत्साह से भर गए थे। इसका मतलब था कि हमने सतत कृषि पारिस्थितिकी तंत्र की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। शोधकर्ताओं ने मंगल ग्रह और चंद्रमा की धरती के ऊपरी आवरण से ली मिट्टी में सामान्य मृदा मिलाकर कृत्रिम रूप से ऐसा वातावरण विकसित किया था। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App