पार्टी विरोधी काम करने पर रोहड़ू भाजपा के छह पदाधिकारी बाहर

By: Oct 29th, 2019 12:01 am

शिमला – प्रदेश भाजपा ने रोहडू़ मंडल के छह पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। जानकारी के मुताबिक इन पदाधिकारियों के खिलाफ पार्टी विरोधी कार्य करने का आरोप है। इसे देखते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्य प्रकाश शुक्ला, राजेश भ्रांटा, जिला सचिव महासू वीना शुक्ला, जिला कार्यसमिति सदस्य गिरधारी लाल वर्मा तथा आमिर चंद नेगी और भाजयुमो जिला सचिव अजय खुराना को तुरंत प्रभाव से छह वर्ष के लिए भाजपा से निष्कासित कर दिया है। रोहडू़ भाजपा मंडलाध्यक्ष बलदेव रांटा ने प्रदेश अध्यक्ष को इन पदाधिकारियों की शिकायत की थी, जिसमें आरोप लगे थे कि ये पार्टी विरोधी कार्य कर रहे हैं और मंडलाध्यक्ष चुनाव में बाधा डाल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इन दिनों शिमला संसदीय क्षेत्र में भाजपा संगठनात्मक चुनावों के चलते रोहडू़ सहित अन्य क्षेत्रों में मंडलाध्यक्षों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इस बारे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती का कहना है कि पार्टी विरोधी कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है, इस तरह की कुछ शिकायतें आई थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया गया। संगठन में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App