पिटाई से बचने छत पर चढ़ा युवक चोर समझ धुना

By: Oct 16th, 2019 12:20 am

अंब –थाना अंब के तहत सिद्ध चलेहड़ में दो लड़कों की मारपीट से छूट कर भागा युवक साथ लगते घर की छत पर जा चढ़ा, लेकिन अभागे इस युवक को  चोर समझ कर यहां भी लोगों की प्रताड़ना का शिकार होने पड़ गया। पंजाब क्षेत्र के तीन लड़के घूमने फिरने के लिए एक कार में हिमाचल आए हुए थे। इस दौरान धर्मशाला व मकलोडगंज घूमने के बाद चिंतपूर्णी से होते हुए सोमवार को जब वापस घर जा रहे थे तो सिद्ध चलेहड़ मुख्यमार्ग पर एक ढाबे के पास सोमवार सुबह करीब पौने चार बजे तीनों लड़कों की पैसों के लेनदेन के मामले में बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते दो लड़कों ने एक साथी को पीटना शुरू कर दिया। पीडि़त साथी दोनों की चुंगल से छूट कर भागते हुए एक घर की छत पर चढ़ गया। इसी बीच मकान मालिक छत पर पैरों की आवाज सुनकर जब मकान की छत पर गए तो वहां पर लड़के को देख उन्हें चोर समझ बैठे। इसी बीच पीडि़त का पीछा कर रहे दो अन्य लड़के लोगों को देख अपनी पंजाब नंबर की कार से भाग खड़े हुए, लेकिन लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया और पकड़े गए लड़के की खबर सूरत लेने के बाद उसे अंब पुलिस के हवाले कर दिया। डीएसपी अंब मनोज जम्वाल ने बताया कि उनके पास उक्त घटना के संदर्भ में लिखित शिकायत आई है। भागे गए दो अन्य लड़कों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला लड़कों की आपसी रंजिश का लगता है।

 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App