पीजीआई में डायलिसिस, शिमला में इंतजार

By: Oct 8th, 2019 12:00 am

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 20 सितंबर से चंडीगढ़ में करवा रहे इलाज

चंडीगढ़ – हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की रविवार को पीजीआई में डायलिसिस हुई है, वहीं उपचुनाव को लेकर हिमाचल में उनका इंतजार किया जा रहा है। बता दें कि उन्हें 20 सितंबर को शिमला से यहां एडमिट करवाया गया था। डाक्टरों ने उनके शरीर में फैले संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए डायलिसिस शुरू की है। हर तीसरे दिन उनकी डायलिसिस की जा रही है। डाक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। उनका इलाज एडवांस कार्डियक सेंटर और यूरोलॉजी के डाक्टर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें छाती में भी इन्फेक्शन था। ऐसे में आइजीएमसी में धुंध ज्यादा होने के कारण उन्हें सांस लेने में और दिक्कत न हो, इसी कारण उन्हें पीजीआई रैफर किया गया था। बता दें कि वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह आठ बार विधायक, छह बार मुख्यमंत्री और पांच बार सांसद रह चुके हैं। उनका परिवार भी सियासत में सक्रिय है। उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह मंडी की सांसद रह चुकी हैं और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण विधानसभा हलके से विधायक हैं। फिलहाल उपचुनाव को लेकर उनका शिमला में प्रचार करना मुश्किल है।

नहीं हुई छुट्टी, इंतजार करते रहे समर्थक

शिमला – पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को फिलहाल पीजीआई से छुट्टी नहीं हो सकी है। कहा जा रहा था कि सोमवार को उनको वहां से छुट्टी हो जाएगी और वह शिमला आएंगे, लेकिन यहां उनके समर्थक इंतजार ही करते रहे। शाम को पता चला कि अभी उन्हें पीजीआई से छुट्टी नहीं हुई है। डाक्टरों ने उन्हें वहीं पर आराम की सलाह दी है और अब वह शुक्रवार तक आ सकते हैं। गौर हो कि यहां उपचुनाव को लेकर भी वीरभद्र सिंह का कांगे्रस को बेसब्री से इंतजार है। हालांकि पीजीआई से आने के बाद वह शायद ही चुनाव प्रचार में जाएंगे, क्योंकि डाक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। यहां उपचुनाव के प्रचार अभियान में वीरभद्र सिंह की कमी खासी खल रही है। वीरभद्र सिंह कांग्रेस की एकमात्र ऐसी शख्सियत हैं, जिन्हें सुनने के लिए भीड़ भी जुटती है। पच्छाद और धर्मशाला में उनके प्रचार की भी कांग्रेस को खासी जरूरत है। उनकी अनुपस्थिति में ांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने मोर्चा संभाला हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App