पीडब्ल्यूडी निरीक्षक के दांत तोड़े

भड्डू में दो लोगों पर बेरहमी से पिटाई का आरोप, छानबीन में जुटी पुलिस

सरकाघाट –उपमंडल धर्मपुर के भड्डू गांव के लोक निर्माण विभाग में कार्यरत निरीक्षक की बेहरमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। पिटाई के दौरान निरीक्षक के दो दांत भी तोड़ दिए गए हैं। पीडि़त विनोद कुमार ने इस संबंध में अब सरकाघाट थाने में मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को दी अपनी शिकायत में विनोद कुमार ने कहा है कि जब वह दीपावली पर्व मनाने अपने घर जा रहा था तो रास्ते में एक दैनिक वस्तुओं की दुकान में दो व्यक्ति बैठे हुए थे और उसे देखकर वे बिना किसी तरह की बात के झगड़ा करने पर उतारू हो गए। विनोद कुमार ने बताया कि परिस्थिति को भांपते हुए उसने वहां से निकलने में ही भलाई समझी, लेकिन चार कदम चलने के बाद वे पीछे से आ गए और उसकी निर्ममता से पिटाई करने लगे। विनोद कुमार ने बताया कि उसने उनके चंगुल से छूटने का काफी समय तक प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। वे उस पर लात-घूंसों से प्रहार करने लगे, जिससे उसके मुंह में चोट लगने से दो दांत टूट गए। विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कार्य शुरू कर दिया है।  घायल विनोद कुमार का पुलिस ने नागरिक अस्पताल सरकाघाट में अग्रिम मेडिकल करवाया है। वहीं डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्हांेेने कहा कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।