प्रदेश से आज लौट जाएगा मानसून

By: Oct 11th, 2019 12:01 am

विभाग का दावा, हिमाचल में 16 अक्तूबर तक मौसम साफ

शिमला – हिमाचल में अब हर रोज सूर्यदेव के दर्शन हो पाएंगे। प्रदेशवासियों को बारिश से छुटकारा मिलेगा। वहीं, कुछ दिनों तक लोग खिली धूप का आनंद उठा पाएंगे। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार के  एक हफ्ते तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा, जबकि शुक्रवार को मानसून के रुखसत होने की संभावना जताई गई है। बता दें कि इस बार हिमाचल से मानसून देरी से विदा हो रहा है। इस बार मानसून के अंतिम दिनों में भारी बारिश से लोग काफी परेशान हुए हैं। इसके अलावा अक्तूबर माह में ही ठंड के दौर से प्रदेश वासी गुजर रहे हैं। फिलहाल मौसम विज्ञान केंद्र ने यह साफ  किया है कि कुछ दिनों तक लोग खिली धूप का आनंद उठा सकेंगे। हालांकि इस दौरान सूखी ठंड की वजह से लोगों को बीमारियों से भी जूझना पड़ सकता है।  बता दें कि हिमाचल में बीते 24 घंटे के दौरान अनेक स्थानं पर बारिश रिकार्ड की गई है। इसके चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री कम रहा, वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम रहा। हिमाचल में मौसम में हो रहे इस बदलाव की वजह से शिमला सहित किन्नौर, केलांग, डलहौजी में लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। शिमला की बात करें, तो गुरुवार को यहां का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, वहीं अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा गुरुवार को सबसे अधिकतम तापमान ऊना में 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह की मानें तो प्रदेश से शुक्रवार तक मानसून रुखसत हो सकता है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में फिलहाल अब 16 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने की कोई संभावना नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App