बिलासपुर में छाए डीएवी चंबा के खिलाड़ी

By: Oct 22nd, 2019 12:30 am

खिलाडि़यों का स्कूल पहुंचने पर जोरदार स्वागत, प्रिंसीपल ने मेडल पहनाकर किया सम्मानित

चंबा –डीएवी पब्लिक स्कूल चंबा की टीम ने बिलासपुर में आयोजित डीएवी की राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के कुश्ती मुकाबले में ओवरआल  उपविजेता कर स्कूल का नाम प्रदेश भर में रोशन किया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटी चंबा की टीम के सम्मान में सोमवार को परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल के प्रिंसीपल अशोक कुमार गुलेरिया ने खिलाडि़यों की हौसला अफजाई करते हुए अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं।  उन्होंने प्रतियोगिता में स्कूल की अगवाई करने वाले छात्रों को मेडल पहनाकर सम्मानित भी किया। उन्होंने बताया कि डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में राज्य स्तरीय कुश्ती और निशानेबाजी का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल बिलासपुर में हुआ। इस प्रतियोगिता में डीएवी चंबा के छात्रों ने कुश्ती में ओवर आल उपविजेता का खिताब जीता। कुश्ती प्रतियोगिता में 74 किलोग्राम भार वर्ग में रोहित जर्याल, 70 किलोग्राम में अक्षय व 65 किलोग्राम में दीपक ने स्वर्ण पदक हासिल किया। विश्वेश्वर ने 79 किलोग्राम, कार्तिक जर्याल ने 86 किलोग्राम व काव्यांश ने 92 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया।  ऋत्विक ने 61 किलोग्राम में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंनें बताया कि निशानेबाजी में आदित्य बिजलवान ने एक बार फिर से अपना बेहतरीन प्रदर्शन को दोहराते हुए स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। उन्होंने साथ ही बताया कि डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपूर में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में स्कूल की महकदीप कौर ने 400 मीटर रेस में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने बताया कि विजयी छात्र हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App