भाजपा-कांग्रेस के वोट पर बागियों की सेंधमारी

By: Oct 25th, 2019 12:01 am

शिमला – विधानसभा उपचुनावों में भाजपा और कांग्रेस के वोटों पर सत्ताधारी दल के बागी प्रत्याशियों ने जबरदस्त सेंधमारी की है। इसके चलते धर्मशाला तथा पच्छाद में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों की वर्ष 2017 की आम विधानसभा चुनावों के मुकाबले वोट प्रतिशतता में गिरावट दर्ज आई है। पिछले चुनावों में दर्ज वोट परसेंटेज का उपचुनाव के नतीजों से तुलना करने पर चौंकाने वाले परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछली बार धर्मशाला से भाजपा के किशन कपूर ने 45.52 प्रतिशत वोट लेकर जीत हासिल की थी। इसके मुकाबले विशाल नैहरिया को 44.41 परसेंट वोट हासिल हुए हैं। लिहाजा सत्ता का प्रभाव होने के बावजूद भाजपा को धर्मशाला में दो साल के भीतर ही एक फीसदी कम वोट मिले हैं। इसी तरह वर्ष 2017 में कांग्रेस के सुधीर शर्मा को 40.51 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। इस बार जमानत न बचाने के चलते शर्मनाक हार के साथ कांग्रेस के विजय इंद्र कर्ण को सिर्फ 15.52 प्रतिशत ही वोट हासिल हुए हैं। यहां रोचक है कि कांग्रेस का दो साल के भीतर कम हुआ 30 प्रतिशत वोट सीधे-सीधे भाजपा से बागी हुए निर्दलीय प्रत्याशी राकेश चौधरी की झोली में चला गया है। इस विधानसभा क्षेत्र में राकेश चौधरी 31.64 प्रतिशत वोट प्राप्त करने में सफल हुए हैं। इस कारण यह अनुमान लगाना गलत नहीं होगा कि उन्हें भाजपा का कम हुआ एक प्रतिशत तथा कांग्रेस का घटा 30 फीसदी वोट मिला है। पिछले चुनावों में भाजपा के किशन कपूर को 26 हजार 50 मत हासिल हुए थे। इसके मुकाबले सुधीर शर्मा 23 हजार 53 मत लेकर भाजपा से 2997 वोटों से हार गए थे। पिछले आम चुनावों में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के सुरेश कश्यप को 54.26 फीसदी वोट हासिल हुए थे। इस बार रीना कश्यप को 40.85 प्रतिशत वोट लेकर ही संतोष करना पड़ा है। इस कारण दो साल के बाद पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को 14 फीसदी कम वोट मिले हैं। कांग्रेस के गंगूराम मुसाफिर को पिछली बार 42.71 प्रतिशत और इस बार 35.68 फीसदी वोट मिले हैं। उन्हें भी दो साल के भीतर सात प्रतिशत कम वोटिंग का दंश झेलना पड़ा है।

दयाल प्यारी को 21.56 फीसदी वोट

पच्छाद में भाजपा से बागी हुई दयाल प्यारी को 21.56 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं। आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि भाजपा का कम हुआ 14 प्रतिशत और कांग्रेस का सात फीसदी घटा वोट सीधा-सीधा दयाल प्यारी के खाते में चला गया है। इस कारण पच्छाद में दयाल प्यारी का नुकसान 14 फीसदी मतों के साथ भाजपा को उठाना पड़ा है। इसके अलावा दयाल प्यारी सात प्रतिशत वोट कांग्रेस का भी लेने में कामयाब हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App