भाजपा को चुनाव आयोग का भी डर नहीं

By: Oct 14th, 2019 12:03 am

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का आरोप; उपचुनावों में कायदे-कानूनों की धज्जियां उड़ा रही सरकार, मंत्री महेंद्र सिंह पर उठाए सवाल

सोलन – भाजपा को देश की संवैधानिक संस्थाओं का भी डर नहीं है और इन उपचुनावों में नियमों व कायदों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का। सोलन में रविवार को पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा शासित सरकार के मंत्री ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री भी चुनाव आयोग को एक विभाग की तरह देख रहे हैं। धर्मशाला व पच्छाद उपचुनाव में एक स्वस्थ लोकतंत्र की परंपरा को दरकिनार करते हुए चुनाव आयोग को गौण करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह बेलगाम घोड़े की तरह कार्य कर रहे हैं और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कहीं पानी की पाइपें बांट रहे हैं, तो कहीं नौजवानों को नौकरियों का झांसा देकर लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। पच्छाद में विधानसभा स्पीकर डा. राजीव बिंदल सरेआम प्रचार कर रहे हैं और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उनका बचाव करते हुए देश के अन्य राज्यों में भी स्पीकर व डिप्टी स्पीकर द्वारा प्रचार करने की बात कह रहे हैं, जो कि खेदजनक है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री सूची जारी कर उन राज्यों का नाम बताएं, जहां स्पीकर व डिप्टी स्पीकर द्वारा प्रचार किया गया है। राठौर ने स्पीकर डा. राजीव बिंदल से भी त्यागपत्र देने की मांग की है। राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सहित भाजपा को चुनाव आयोग की परवाह नहीं है और वे इस संवैधानिक संस्था की हैसियत को कम आंकने का प्रयास कर रहे हैं। उपचुनाव में स्थानीय अधिकारी सहित जिला सिरमौर के उपायुक्त तक पक्षपातपूर्ण कार्य कर रहे हैं और इसकी शिकायत चुनाव आयोग से कर ऐसे अधिकारियों के तबादले की मांग की गई है। कुलदीप राठौर ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए 15 अक्तूबर को राजगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा स्टार प्रचारक सुरेश चंदेल, प्रदेश महासचिव डा. कैलाश पराशर, सुरेंद्र सेठी, अमन सेठी, जिला कांग्रेस महासचिव रोहित शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रविवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर के गृहक्षेत्र डिलमन, टिकली महलोग, भैलन, सिरमौरी मंदिर से चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

जिसे उपलब्धि बता रहे धूमल, किसान आज भी काट रहे कोर्ट के चक्कर

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शनिवार को पच्छाद में की सभाओं में पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने भाजपा शासनकाल में शामलात भूमि गरीब किसानों को दिए जाने को एक बड़ी उपलब्धि बताया है। राठौर ने कहा कि मैं उनके ध्यान में लाना चाहता हूं कि उस समय दी गई जमीनों का दंश आज भी वहां के किसान भुगत रहे हैं और अभी भी कोर्ट के चक्कर काटने को विवश हैं। भाजपा का दूसरा नाम विकास नहीं, बल्कि विनाश है और देश में मंदी का दौर, बेरोजगारी आदि भाजपा की गलत नीतियों के परिणाम हैं।

चंदेल बोले; कर्ज लो और घी पियो की नीति पर भाजपा

कांग्रेस के स्टार प्रचारक व पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने भी भाजपा व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित प्रदेश सरकार की स्थिति कर्ज लो और घी पियो जैसी है। प्रदेश के ऊपर 49 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज है और ऐसे में प्रदेश किस दिशा में आगे बढ़ेगा, यह बड़ा प्रश्न है। चंदेल ने कहा कि प्रदेश सरकार इन्वेस्टर्स मीट की बात कर रही है, लेकिन यदि प्रदेश में माहौल अच्छा होता, तो इन्वेस्टर्स को इस तरह लुभाना नहीं पड़ता और वे स्वयं प्रदेश का रुख करते। उपचुनाव को लेकर सरकार हड़बड़ाहट में दिख रही है और रोजगार का प्रलोभन मतदाताओं को दिया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App