भैयादूज…एचआरटीसी बसों में पैर रखने को जगह नहीं

हमीरपुर में महिलाओं ने 130 बसों में किया फ्री सफर, सुपर फास्ट बसों में बहनों को चुकाने पड़े पैसे

हमीरपुर –भैयादूज पर्व पर निगम की बसें यात्रियों से खचाखच होकर दौड़ रही थी। महिलाओं को जैसे ही निगम की बस आती दिख रही थी, तो वह दौड़े-दौड़े बस लेने पहुंच रही थी। निगम द्वारा दी जा रही फ्री बस सेवा का महिलाओं ने पूरा दिन खूब आनंद उठाया। महिलाएं शाम तक निगम की बसों में सफर करती नजर आई। बता दंे कि हमीरपुर डिपो की करीब 130 बसों में भैयादूज पर्व पर महिलाओं को फ्री बस सेवा का लाभ दिया गया है। प्रदेशभर में दौड़ रही निगम की लोकल व लांग रूट की ऑर्डिनेरी बसों में महिलाओं को विशेष छूट दी गई थी। निगम की बसों में पुरुषों से ज्यादा महिला यात्री ही सफर करती नजर आईं। निगम के ड्राइवर भी महिलाओं को देखकर बस स्टॉप पर बसें रोक रहे थे, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं फ्री बस सुविधा का लाभ उठा सकें। यही नहीं, अधिकतर महिलाएं लोगों से निगम की बस का टाइम पूछती नजर आई, ताकि अगर निगम की बस का टाइम हो, तो वह भी फ्री बस सुविधा का लाभ उठा सकें। इसके चलते महिलाएं बस स्टाप पर निगम की बस का इंतजार करते भी देखी गई। निगम के कंडक्टरों ने भी महिला यात्रियों का सूर्यादय से सूर्यास्त तक कोई भी किराया नहीं वसूला, हालांकि सूर्यास्त के बाद जो भी महिलाएं निगम की बस में बैठी उनसे किराया वसूला गया। निगम की सुपर फास्ट ऑडिनेरी बसों में महिलाओं को फ्री बस सुविधा नहीं थी। इसके चलते संबंधित बसों में महिला यात्रियों व कंडक्टरों में किराया को लेकर नोक-झोंक की सूचना भी प्राप्त हुई है। फ्री बस सुविधा लोकल ऑर्डिनेरी और लांग रूट की ऑर्डिनेरी बसों में प्रदेश के अंदर तक ही सीमित थी। प्रदेश के बाहर निकलते ही बसों में सवार महिलाओं से आगे का किराया वसूला जा रहा था। महिलाएं भी निगम के ड्राइवरांे व कंडक्टरों के व्यवहार से काफी खुश नजर आईं।