मंडी में मकान जला 10 लाख की चपत

By: Oct 29th, 2019 12:03 am

सुंदरनगर – निकटवाती ग्राम पंचायत चांबी के गांव नाटन निवासी यशवंत सिंह के लिए दिवाली की रात काली रात बनकर आई। इस दौरान यशवंत सिंह के चार मंजिला रिहायशी मकान में आग लगने से लगभग 10 लाख का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पटाखों के कारण यह आग लगी है। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत चांबी के गांव नाटन निवासी यशवंत सिंह पुत्र बंगाली राम के चार मंजिला मकान में आग लग गई। पीडि़त यशवंत सिंह टेंट का व्यवसाय करता है। इस हादसे में यशवंत सिंह के घर में रखे सामान, एलसीडी, कम्प्यूटर, कपड़े सहित डीजे का सामान जल कर राख बन गया। मामले की सूचना मिलते ही बीएसएल कालोनी प्रभारी प्रकाश चंद मिश्रा व एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान ने मौके का जायजा लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद बीएसएल फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ थाना बीएसएल कालोनी सुंदरनगर प्रकाश चंद मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि हादसे में यशवंत सिंह का लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने का कारण पटाखों द्वारा प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App