मठासौर-बड़ासौर पहुंचा पर्यटन विभाग

By: Oct 20th, 2019 12:22 am

कुल्लू  – जिला कुल्लू की लगघाटी में पर्यटन की लौ जलाने के लिए कदमताल शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार ने लगघाटी की प्राकृतिक छटा से लबरेज अनछुए पर्यटन स्थलों को विकसित करने का निर्णय लिया है। इसी को लेकर वन महकमे के अधिकारियों सहित लगघाटी पर्यावरणीय पर्यटन विकास समिति के पदाधिकारियों ने मठासौर तथा बड़ासौर का साइट विजिट किया। ब्रिटिश शासन काल के दौरान घाटी में एक पैदल मार्ग हुआ करता था, जो कि आज अपना अस्तित्व खो चुका है। इसका पुनर्निर्माण कर घाटी को देशी विदेशी सैलानियों की सैरगाह के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यालय से सटी होने के बावजूद लगघाटी आज भी विकास की मुख्य धारा से नहीं जुड़ पाई है। दुनिया जहां चांद पर बसने की सोच रही है, वहीं प्राकृतिक सुंदरता से लबरेज लगघाटी विकास से कोसों दूर है। स्वतंत्रता के बाद निरंतर राजनीतिक उपेक्षा के चलते आज तक घाटी का कायाकल्प नहीं हो पाया है। अब प्रदेश सरकार ने पर्यटन को विकसित कर घाटी के लोगोंं की आर्थिकी को मजबूत करने का फैसला लिया है। सरकार ने घाटी के अनछुए पर्यटन स्थलों को संवारने तथा विकसित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसके लिए विभागाधिकारियों को भी दिशा निर्देश दिए हैं। इसी को लेकर वन महकमे की टीम ने साइट पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी खुशहाल सिंह राठौर ने कहा कि सरकार घाटी के लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने के साथ साथ इलाकावासियों की आर्थिकी को भी सुदृढ़ करना चाहती है। इसी को लेकर सरकार तथा विभागों ने घाटी के अनछुए पर्यटन स्थलों को चिन्हित करने का कार्य शुरू किया है। आगामी सप्ताह विभाग के अधिकारी लगघाटी के गोरूडुघ जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। वन महकमे ने ब्रिटिश हुकमरानों द्वारा निर्मित पैदल मार्ग, जो कि सरकारी उपेक्षा के चलते अपना अस्तित्व खो चुका है, का पुनर्निर्माण करने का फैसला लिया है। इसके साथ पर्यटन व धार्मिक पर्यटन को कैसे विकसित किया जाएगा, इसको लेकर  महकमा प्राकलन भी तैयार करेगा। वन विभाग के अरण्यपाल अनिल शर्मा ने कहा कि कुल्लू-काईसधार-कडौन रेस्ट हाउस तक पैदल मार्ग का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक सुंदरता से लबरेज मठासौर तथा बड़ासौर को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लोगों तथा विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह विभाग की टीम गोरूडु़ग का साइट विजिट करेगी। जिला पर्यटन विकास अधिकारी बीएस नेगी ने कहा कि विभाग विभिन्न विभागों का सहयोग लेकर लगघाटी के अनछुए पर्यटन स्थलों को विकसित कर घाटी में पर्यटन विकास की लौ जगाएगा। उधर, लगघाटी पर्यावरणीय पर्यटन विकास समिति के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, महासचिव कुशाल, मुख्य सलाहकार हुक्कम चाहडू, उपाध्यक्ष चमन ठाकुर, मोहर ठाकुर, अभिषेक ठाकुर, सचिव रणवीर ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, सलाहकार मोहर सिंह नेगी,  कोषाध्यक्ष बलवीर ने कहा कि अगर सरकार घाटी में पर्यटन विकास की अलख जगाएगी, तो घाटी में स्वरोजगार के द्वार खुलेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App