मॉरीशस जाएंगी निफ्ट कांगड़ा की तीन छात्राएं

By: Oct 1st, 2019 12:01 am

कांगड़ा – राष्ट्रीय फैशन टेक्नोलॉजी संस्थान कांगड़ा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी ख्याति हासिल की है। मॉरीशस स्थित सीआइईएल टेक्सटाइल कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय स्नातक कार्यक्रम के लिए निफ्ट कांगड़ा की तीन छात्राओं का चयन किया है। इस कंपनी ने भारत, बांग्लादेश व मेडागास्कर के फैशन टेक्नोलॉजी के छात्रों से प्रबंधन प्रशिक्षु के लिए आवेदन मांगे थे। देश के सभी 17 सेंटरों में से कुल 186 छात्रों ने आवेदन किया था। कंपनी के द्वारा सभी छात्रों को विभिन्न योग्यता के मापदंडों पर जांचने के उपरांत देश से मात्र 15 छात्रों को चयनित किया गया है, जिसमें कांगड़ा निफ्ट की तीन छात्राओं नीतू सैणी, आशिता व तितिक्षा टग्गर कांगड़ा से चयनित हुई हैं। इस बड़ी उपलब्धि के लिए संस्थान के निदेशक सिबिचन के मैथ्यू और संस्थान की केके शिप्रा शर्मा ने छात्राओं, विभाग के स्टाफ  को बधाई दी है। श्री मैथ्यू ने कहा कि तरक्की के नए आयाम इसी तरह स्थापित होते रहेंगे और निफ्ट  कांगड़ा के बच्चे राष्ट्रीय ही नहीं अपितु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर कांगड़ा का नाम रोशन करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App